Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

50 से अधिक अविवाहित युवतियों की डिलीवरी करवा चुकी है फर्जी डॉक्टर

मानव तस्करी मामला : आरोपी 5 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर
Follow on Google News
50 से अधिक अविवाहित युवतियों की डिलीवरी करवा चुकी है फर्जी डॉक्टर

भोपाल। कर्फ्यू वाली माता मंदिर के पास से बच्चियों के अपहरण और मानव तस्करी के मामले में दिल्ली से गिरफ्तार महिला डॉक्टर को रविवार को अन्य आरोपियों के साथ कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें 5 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला डॉक्टर सीमा उर्फ कुमारी शक्ति देवी से दो साल की बच्ची बिट्टू उर्फ माही उर्फ त्रिशा को बरामद किया है। टीम ने बच्ची को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया है। शक्ति देवी अब तक 50 से ज्यादा अविवाहित युवतियों की डिलीवरी करवा चुकी है। उसने कितने बच्चों को बेचा है, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। उसने दो बच्चों को बेचने के लिए भोपाल में बच्चा चोर गिरोह की सरगना अर्चना सैनी को सौंपा था। पुलिस टीम दोनों महिलाओं से अब तक 5 बच्चों को बरामद कर चुकी है।

केवल 12वीं पास है फर्जी महिला डॉक्टर

पुलिस जांच में पता चला कि शक्ति देवी केवल 12वीं पास है और दाई का काम करती है। उसने मीठापुर एक्सटेंशन में एक किराए के मकान में क्लीनिक बना रखा था। सीमा केवल अविवाहित युवतियों की डिलीवरी करवाती थी। इसके बदले उसे बड़ी रकम मिलती थी और जन्म लेने वाले बच्चों को नि:संतान लोगों को बेच देती थी। उसने राशि को ठिकाने लगाने के लिए एक फर्जी संस्था ‘शक्ति फाउंडेशन’ भी बना रखा था। इसी के अकाउंट में वह रुपए जमा करती थी।

डॉक्टर ने अर्चना को एक ही बच्ची देना बताया 

पूछताछ में सीमा ने अर्चना को 3 महीने की एक ही बच्ची एंजल को देना बताया है। यह बच्ची 23 साल की एक अविवाहित युवती की थी। ढाई साल की बच्ची अकीरा को देने से इंकार किया है, जबकि अर्चना उसको भी सीमा से ही लेना बता रही है। सीमा के पास मिली दो साल की बच्ची 22 साल की युवती और 23 साल के उसके प्रेमी की बताई गई है। डिलीवरी के बाद उक्त बच्ची को उसने गोद लेना बताया है।

डिलीवरी का रिकॉर्ड नहीं

शक्ति देवी से पुलिस को डिलीवरी का रिकॉर्ड नहीं मिला। जो रिकॉर्ड मिला है, उसे दिल्ली पुलिस के साथ साझा किया है। सीमा के कुछ अन्य लोगों से भी संपर्क की बात सामने आई है। क्राइम ब्रांच की एक विशेष टीम फिलहाल दिल्ली में ही है।

इन सवालों के जवाब बाकी

  • अर्चना सैनी और उसके लिव इन पार्टनर निशांत का क्या रोल है?
  • महिला डॉक्टर ने अब तक कितने बच्चों को बेचा है?
  • किन-किन लोगों से महिला डॉक्टर की सांठ-गांठ है?
Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts