भोपाल रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला:एक्सप्रेस ट्रेन की जनरेटर कार से निकला धुआं, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

राजधानी भोपाल के भोपाल रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस की जनरेटर कार से अचानक धुआं उठने लगा। घटना करीब 3:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर हुई लेकिन धुएं का असर इतना ज्यादा था कि इसका गुबार प्लेटफॉर्म नंबर-1 तक पहुंच गया जिससे यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
जनरेटर कार से उठीं लपटें

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जनरेटर कार से पहले हल्का धुआं निकला जो देखते ही देखते तेज हो गया और उसमें हल्की आग की लपटें भी दिखाई देने लगीं। कुछ ही मिनटों में स्टेशन का बड़ा हिस्सा धुएं की चपेट में आ गया जिससे यात्रियों में घबराहट फैल गई।
ये भी पढ़ें: Japan Earthquake : भूकंप के तेज झटकों से कांपा जापान, 7.5 रही तीव्रता; सुनामी अलर्ट जारी
शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा
भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता नवल अग्रवाल ने बताया कि ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर लाते समय पावर ऑन किया गया था। इसी दौरान जनरेटर कार में शॉर्ट सर्किट हुआ जिससे तार जलने लगे और धुआं निकलने लगा। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी की पुष्टि हुई है।
15-20 मिनट बाद समझ आई गंभीरता
अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती कुछ मिनटों तक स्थिति साफ नहीं थी लेकिन करीब 15-20 मिनट में जब धुआं तेजी से पूरे प्लेटफॉर्म पर फैल गया तब कर्मचारियों और यात्रियों को खतरे का अंदाजा हुआ। इसके बाद तुरंत फायर बूस्टर की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
फायर टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा
रेलवे स्टाफ और इंजीनियरिंग टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। आग को तेजी से कंट्रोल किया गया जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रेन में यात्री सवार नहीं थे।
नई व्यवस्था के बाद रवाना होगी ट्रेन
एहतियात के तौर पर जनरेटर कार को ट्रेन से अलग कर दिया गया है। क्षतिग्रस्त कोच को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास खड़ा कर जांच की जा रही है। अब इंजन और पावर कार बदलकर ट्रेन को रवाना करने की तैयारी है।
समय से देरी संभव, सुरक्षा जांच के बाद ही रवाना
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन का निर्धारित समय शाम 4:50 बजे था लेकिन तकनीकी जांच और व्यवस्था बदलने के कारण इसमें देरी हो सकती है। अधिकारियों का कहना है कि सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद ही ट्रेन को आगे बढ़ाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: जग्गी हत्याकांड में अमित जोगी को झटका : सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत, 23 अप्रैल को होगी सुनवाई
हाल ही में बदले गए थे कोच
बताया जा रहा है कि इस ट्रेन के कोच हाल ही में ICF से LHB में बदले गए हैं, जो ज्यादा सुरक्षित माने जाते हैं। हालांकि जनरेटर कार में हुई इस तकनीकी खराबी की अलग से जांच की जा रही है।





















