Angelina Jolie-Brad Pitt: 10 साल बाद खत्म हुई कानूनी लड़ाई, फ्रेंच वाइनरी के विवाद पर हुआ समझौता

हॉलीवुड की चर्चित पूर्व जोड़ी एंजेलीना जोली और ब्रैड पिट के बीच करीब एक दशक से जारी कानूनी लड़ाई आखिरकार खत्म हो गई है। दोनों ने फ्रांस की अपनी संयुक्त वाइनरी 'शातो मिरावल' के स्वामित्व को लेकर चल रहे विवाद को आपसी सहमति से सुलझा लिया है। बुधवार को दोनों कलाकारों की ओर से संयुक्त बयान जारी कर समझौते की जानकारी दी गई। दोनों के प्रतिनिधियों की ओर से जारी बयान में कहा गया- हमने अपने परिवार के सर्वोत्तम हित में अदालत के बाहर समझौता कर लिया है। इस मामले में आगे कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
2016 में शुरू हुई थी अलगाव की कहानी
एंजेलीना जोली और ब्रैड पिट ने साल 2014 में शादी की थी। हालांकि, 2016 में एक निजी विमान यात्रा के बाद जोली ने तलाक की अर्जी दाखिल कर दी थी। इसके बाद दोनों के बीच बच्चों की कस्टडी और संपत्ति को लेकर कानूनी विवाद शुरू हो गया। दिसंबर 2024 में दोनों के तलाक की प्रक्रिया पूरी हुई, लेकिन संपत्ति से जुड़ा विवाद जारी रहा।
क्या था फ्रेंच वाइनरी का पूरा विवाद?
दरअसल, फ्रांस स्थित उनकी संयुक्त वाइनरी 'शातो मिरावल' दोनों के बीच कानूनी लड़ाई की सबसे बड़ी वजह बनी। साल 2022 में ब्रैड पिट ने एंजेलीना जोली के खिलाफ मुकदमा दायर किया था। पिट का आरोप था कि जोली ने आपसी समझौते का उल्लंघन करते हुए वाइनरी में अपनी 50 प्रतिशत हिस्सेदारी शराब कारोबार से जुड़े समूह 'तेनुते देल मोंडो' को बेच दी। जबकि पिट के मुताबिक, दोनों के बीच तय हुआ था कि जोली अपनी हिस्सेदारी उन्हें बेचेंगी।
एंजेलिना जोली और ब्रैड पिट तलाक समझौते पर पहुंचे, 8 साल की कानूनी लड़ाई के बाद बनी सहमति
जोली ने लगाए थे दुर्व्यवहार के आरोप
वाइनरी का विवाद उस समय और गंभीर हो गया, जब जोली की ओर से अदालत में दाखिल दस्तावेजों में पिट पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए गए। जोली और उनके वकीलों का दावा था कि पिट ने प्रस्तावित सौदे के बदले उनसे एक व्यापक गोपनीयता समझौते (NDA) पर हस्ताक्षर करने की मांग की थी, ताकि परिवार के साथ कथित दुर्व्यवहार की बातें सार्वजनिक न हों। जोली के आरोपों के मुताबिक, 2016 में निजी विमान यात्रा के दौरान पिट का व्यवहार उनके और बच्चों के प्रति अनुचित था। इस घटना की जांच FBI और बाल सेवा अधिकारियों ने भी की थी। जांच मुख्य रूप से उनके सबसे बड़े बेटे के साथ कथित व्यवहार पर केंद्रित थी।
हालांकि, FBI ने 2016 के अंत में कहा था कि वह मामले में आगे जांच नहीं करेगी। अमेरिकी अभियोजन अधिकारियों ने भी पिट के खिलाफ कोई आपराधिक आरोप तय नहीं किए थे। वहीं, पिट ने दुर्व्यवहार के आरोपों से इनकार किया था।
तलाक के बाद भी जारी थी कानूनी लड़ाई
दोनों ने तलाक की प्रक्रिया के दौरान निजी न्यायाधीशों की मदद ली थी। इसी वजह से दिसंबर 2024 में तलाक पूरा होने के बावजूद इससे जुड़े कई विवरण सार्वजनिक नहीं हुए। हालांकि, वाइनरी के स्वामित्व को लेकर चल रहे मुकदमे में दोनों के विवाद के कई पहलू सामने आए। अब अदालत के बाहर हुए समझौते के साथ ही इस मामले की करीब 10 साल पुरानी कानूनी लड़ाई समाप्त हो गई है।




















