'भाभी डायन है!'… क्या सच में मोहिनी छिपा रही है कोई बड़ा राज? ‘नई नवेली’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज

यामी गौतम धर की अपकमिंग फिल्म ‘नई नवेली’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। Amazon MGM Studios और Color Yellow की इस फिल्म में एक साधारण परिवार, नई बहू और एक ऐसे रहस्य की कहानी दिखाई गई है, जो धीरे-धीरे एक अनोखी और काल्पनिक दुनिया का दरवाजा खोल देती है। फिल्म में यामी गौतम धर मोहिनी के किरदार में नजर आएंगी, जिसे उनके अब तक के सबसे अलग अवतारों में से एक बताया जा रहा है।
नई बहू के आते ही शुरू हुआ रहस्यों का सिलसिला
ट्रेलर की शुरुआत अवस्थी परिवार में नई बहू मोहिनी की एंट्री से होती है। शादी की रस्में, परिवार के सदस्यों की नोक-झोंक और घर के अलग-अलग रंग शुरुआत में एक सामान्य पारिवारिक कहानी का एहसास कराते हैं। लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, मोहिनी को लेकर कई सवाल खड़े होने लगते हैं। 'भाभी डायन है' का रहस्य फिल्म की कहानी को एक अलग दिशा में ले जाता है। घर की चारदीवारी से शुरू होने वाली कहानी आगे चलकर एक ऐसी दुनिया में पहुंचती है, जहां फैंटेसी, रहस्य, कॉमेडी और एक्शन का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा।
मोहिनी के किरदार में अलग अंदाज में दिखेंगी यामी
यामी गौतम धर फिल्म में मोहिनी का किरदार निभा रही हैं। ट्रेलर में उनका किरदार एक तरफ बेहद अपनापन लिए हुए नजर आता है, तो दूसरी तरफ उनके आसपास का रहस्य कहानी में उत्सुकता पैदा करता है। मोहिनी आखिर कौन है? उसके पीछे छिपा राज क्या है? और अवस्थी परिवार की जिंदगी में उसके आने के बाद क्या बदलने वाला है? ट्रेलर इन सवालों के जवाब नहीं देता, बल्कि दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा देता है।
मेरठ की कहानी, फैंटेसी और कॉमेडी का तड़का
‘नई नवेली’ की कहानी मेरठ पर आधारित है। फिल्म में भारतीय परिवार के जाने-पहचाने माहौल को फैंटेसी की दुनिया के साथ जोड़ा गया है। कॉमेडी, पारिवारिक ड्रामा, रहस्य और एक्शन के साथ फिल्म को एक बड़े सिनेमाई अनुभव के तौर पर पेश किया जा रहा है। फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। इसकी कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म के प्रोड्यूसर आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा हैं। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी जी.वी. प्रकाश कुमार ने संभाली है।
डायरेक्टर ने कहा- हर घर जैसा लगेगा परिवार, फिर आएगा बड़ा ट्विस्ट
निर्देशक बालाजी मोहन के मुताबिक फिल्म की शुरुआत एक ऐसे परिवार से होती है, जो दर्शकों को अपने घर जैसा लगेगा। लेकिन इसके बाद कहानी ऐसा मोड़ लेती है, जो दर्शकों को हैरान करने के साथ उनका मनोरंजन भी करेगा। उन्होंने कहा कि फिल्म में कॉमेडी शुरुआत से अंत तक बनी रहेगी और मोहिनी के किरदार में यामी गौतम का अपनापन, रहस्यमय अंदाज और चुलबुलापन कहानी की अहम कड़ी है।
यामी बोलीं- मोहिनी वैसी नहीं है, जैसी दर्शक उम्मीद करते हैं
मोहिनी के किरदार को लेकर यामी गौतम धर ने कहा कि यह किरदार उन्हें इसलिए पसंद आया क्योंकि वह वैसी नहीं है, जैसी दर्शक शुरुआत में उम्मीद करते हैं। उसके अंदर एक अपनापन है, लेकिन साथ ही एक गहरा राज भी छिपा हुआ है, जो धीरे-धीरे सामने आता है। यामी के मुताबिक फिल्म में परिवार, कॉमेडी, इमोशन, जादुई दुनिया और एक्शन का अनोखा मेल देखने को मिलेगा।
16 अक्टूबर को होगा ‘नई नवेली’ का सिनेमाघरों में गृह प्रवेश
‘नई नवेली’ दशहरे से ठीक पहले 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का ट्रेलर एक ऐसे सफर की झलक दिखाता है, जहां एक नई बहू की एंट्री के साथ शुरू हुई पारिवारिक कहानी रहस्य और फैंटेसी की अनोखी दुनिया तक पहुंचती है। ‘नई नवेली’ का हो रहा है सिनेमा में गृह प्रवेश… 16 अक्टूबर को अपने नजदीकी सिनेमाघरों में देखिए मोहिनी की अनोखी कहानी।




















