Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शाहरुख, अजय और टाइगर श्रॉफ को FDA का नोटिस, पान मसाला विज्ञापन पर एक्शन, मांगा जवाब

महाराष्ट्र FDA ने पान मसाला विज्ञापन को लेकर शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस भेजा है। FDA को शक है कि विज्ञापन के जरिए प्रतिबंधित पान मसाला ब्रांड का अप्रत्यक्ष प्रचार किया गया। तीनों एक्टर्स से विज्ञापन में उनकी भूमिका और कंपनी से जुड़ाव को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
शाहरुख, अजय और टाइगर श्रॉफ को FDA का नोटिस, पान मसाला विज्ञापन पर एक्शन, मांगा जवाब
पान मसाला विज्ञापनों को लेकर शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को FDA का नोटिस मिला है।

महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने एक विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड के तीन बड़े सितारों शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को ‘कारण बताओ नोटिस’ भेजा है। FDA को शक है कि यह विज्ञापन एक प्रतिबंधित पान मसाला ब्रांड का सीधे नाम लिए बिना प्रचार यानी सरोगेट विज्ञापन हो सकता है।

FDA ने क्यों भेजा नोटिस?

FDA के मुताबिक, विज्ञापन में इस्तेमाल किया गया ब्रांड नाम, डायलॉग और उसे पेश करने का तरीका एक निजी ब्रांड को पान मसाला से जोड़ता हुआ नजर आता है। इसी वजह से तीनों एक्टर्स से पूछा गया है कि विज्ञापन में उनकी क्या भूमिका थी और उन्होंने इसमें काम क्यों किया। रेगुलेटर का मानना है कि यह विज्ञापन पान मसाला ब्रांड का अप्रत्यक्ष प्रचार हो सकता है। इस मामले में एक्टर्स से उनका पक्ष और पूरा स्पष्टीकरण मांगा गया है।

ये भी पढ़ें: 'भारत की सहनशीलता कमजोरी नहीं', डोभाल ने बताया कैसे तैयार हुआ ऑपरेशन सिंदूर

महाराष्ट्र में पान मसाला पर सख्त नियम

महाराष्ट्र में पान मसाला, गुटखा और तंबाकू या निकोटीन वाले ऐसे उत्पादों पर लंबे समय से रोक है। राज्य में 2012 से इस तरह के प्रतिबंध लागू हैं और इन्हें समय-समय पर आगे बढ़ाया जाता है। मौजूदा प्रतिबंध 13 जुलाई 2026 से लागू हुआ है। इसके तहत प्रतिबंधित उत्पादों के निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर एक साल के लिए रोक लगाई गई है। FDA ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक कानून (FSS Act) की धारा 24 और 53 का भी हवाला दिया है। विभाग के मुताबिक, भ्रामक खाद्य विज्ञापन के मामले में 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

658 जगहों पर छापे, करोड़ों का माल जब्त

FDA ने 25 मई से 31 जुलाई के बीच प्रतिबंधित उत्पादों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की। इस दौरान 658 जगहों पर छापेमारी की गई और करीब 15.11 करोड़ रुपये का प्रतिबंधित सामान जब्त किया गया। अधिकारियों ने 519 FIR दर्ज कीं और 701 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा प्रतिबंधित सामान ले जा रही 78 गाड़ियां भी जब्त की गईं। इन गाड़ियों में करीब 6.6 करोड़ रुपये का माल बताया गया।

ये भी पढ़ें: पार्ले एग्रो के वेयरहाउस पर FDA का छापा, फ्रूटी-एप्पी का मिला एक्सपायर्ड स्टॉक, लाइसेंस सस्पेंड

संगठित नेटवर्क पर भी कार्रवाई की तैयारी

12 जून को FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने अधिकारियों को पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। ऐसे मामलों में जहां प्रतिबंधित गुटखा, तंबाकू या निकोटिन वाले पान मसाला के संगठित नेटवर्क का कनेक्शन सामने आए, वहां महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) के तहत कार्रवाई पर भी विचार करने को कहा गया।

पहले भी 'इलायची' विज्ञापन पर उठे थे सवाल

ऐसे सरोगेट विज्ञापन का मामला पहले भी सामने आ चुका है। एक निजी कंपनी के इलायची कैंपेन को लेकर 2018 में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) ने विष्णु पाउच पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस भेजा था। कंपनी पर आरोप था कि बॉलीवुड स्टार को सामने रखकर तंबाकू उत्पाद का अप्रत्यक्ष प्रचार किया जा रहा है। कंपनी ने इन आरोपों को चुनौती देते हुए कहा था कि वह घरेलू बाजार के लिए उस ब्रांड का तंबाकू उत्पाद नहीं बनाती। जनवरी 2024 में दिल्ली हाई कोर्ट ने इस मामले में DGHS की अपील खारिज कर दी थी। ट्रायल कोर्ट ने कंपनी को बिना तंबाकू वाले उत्पादों का विज्ञापन जारी रखने की अनुमति दी थी। हालांकि, यह विज्ञापन सरोगेट एडवरटाइजिंग था या नहीं, इस पर विवाद बना रहा।

ये भी पढ़ें: 'अपनी हद में रहिए...' सुनीता के बयानों से भड़के गोविंदा! पत्नी को दी सख्त चेतावनी

तीनों एक्टर्स को कहां भेजा गया नोटिस?

इस हफ्ते जारी नोटिस में शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ से विज्ञापन में उनकी भूमिका को लेकर जवाब मांगा गया है। FDA के मुताबिक, विज्ञापन के जरिए कंपनी और उसके पान मसाला ब्रांड के बीच एक कनेक्शन बनता है, इसलिए इसे अप्रत्यक्ष प्रचार के तौर पर देखा जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अजय देवगन को नोटिस उनके जुहू स्थित घर पर भेजा गया। शाहरुख खान को बांद्रा स्थित उनके घर 'मन्नत' पर नोटिस दिया गया, जबकि टाइगर श्रॉफ को नोटिस उनके प्रोडक्शन हाउस टाइगर श्रॉफ प्रोडक्शंस LLP के जरिए भेजा गया।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts