Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Sonam Wangchuk :सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे '3 Idiots' के साइलेंसर, चिंता जताते हुए की भावुक अपील; शेयर किया VIDEO

'3 Idiots' में चतुर रामालिंगम का किरदार निभाने वाले ओमी वैद्य ने शिक्षा सुधारक और क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के समर्थन में भावुक वीडियो जारी किया है। उन्होंने लोगों से वांगचुक की भूख हड़ताल और पर्यावरण व शिक्षा से जुड़े मुद्दों को समझने तथा आवाज उठाने की अपील की है।
सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे '3 Idiots' के साइलेंसर, चिंता जताते हुए की भावुक अपील; शेयर किया VIDEO
ओमी वैद्य ने सोनम वांगचुक के समर्थन में शेयर किया वीडियो

फिल्म '3 Idiots' में चतुर रामालिंगम (साइलेंसर) का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने क्लाइमेट एक्टिविस्ट और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो साझा कर लोगों से इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की अपील की है।

'मैं नहीं चाहता फुंसुक वांगड़ू मर जाएं'

वीडियो में ओमी वैद्य ने कहा कि उनके पास सभी के लिए एक जरूरी संदेश है। उन्होंने कहा कि मैं नहीं चाहता कि फुंसुक वांगड़ू मर जाएं। उन्होंने बताया कि फिल्म 3 इडियट्स का फुंसुक वांगड़ू का किरदार वास्तविक जीवन में सोनम वांगचुक से प्रेरित था।

सोनम वांगचुक को बताया प्रेरणादायक व्यक्तित्व

ओमी वैद्य ने कहा कि उन्हें सोनम वांगचुक से मिलने का अवसर मिला है। उनके अनुसार, सोनम एक ईमानदार, प्रेरणादायक शिक्षक, इनोवेटर और शिक्षा सुधारक हैं, जिन्होंने समाज और शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण काम किए हैं।

भूख हड़ताल को बताया गंभीर मुद्दा

अभिनेता ने कहा कि सोनम वांगचुक लंबे समय से भूख हड़ताल पर हैं और उनका ब्लड शुगर काफी कम हो चुका है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर स्थिति है। उनके मुताबिक, वांगचुक शिक्षा व्यवस्था, लद्दाख और पर्यावरण से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

Sonam Wangchuk

लोगों से की जागरूक होने की अपील

ओमी वैद्य ने लोगों से कहा कि चाहे वे सोनम वांगचुक की हर बात से सहमत हों या नहीं, लेकिन एक प्रेरणादायक व्यक्ति की जान नहीं जानी चाहिए। उन्होंने लोगों से कुछ समय निकालकर इन मुद्दों को समझने, सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करने और जरूरत पड़ने पर अपने जनप्रतिनिधियों तक बात पहुंचाने की अपील की।

वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

ओमी वैद्य का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अभिनेता का यह कदम मनोरंजन जगत और सामाजिक सरोकारों के बीच एक मजबूत जुड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts