Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Dwayne Bravo : टूर्नामेंट के बीच ब्रावो ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स से लिया संन्यास, भावुक होते हुए बोले- अब दर्द बर्दाश्त नहीं...

Follow on Google News
Dwayne Bravo : टूर्नामेंट के बीच ब्रावो ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स से लिया संन्यास, भावुक होते हुए बोले- अब दर्द बर्दाश्त नहीं...
नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के दिग्गज हरफनमौला खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो ने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में अपने आखिरी सत्र के बाद क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। वह अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में मेंटोर (मार्गदर्शक) के तौर पर जुड़ेंगे। यानी वह टीम में गौतम गंभीर की जगह लेंगे, जो आईपीएल 2024 में इस टीम के मेंटर थे।

मैं खुद को ऐसी स्थिति में नहीं रख सकता...

ब्रावो को चोट के कारण कैरेबियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र से बीच में ही हटना पड़ा था। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा- आज वह दिन है जब मैं उस खेल को अलविदा कह रहा हूं जिसने मुझे सब कुछ दिया है। एक पेशेवर क्रिकेटर के रूप में 21 साल, यह एक अविश्वसनीय यात्रा रही है। यह कई उतार-चढ़ाव से भरी हुई है। सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह है कि मैं अपना सपना इसलिए जी सका, क्योंकि मैंने इस खेल को हर कदम पर शत प्रतिशत दिया। देखें Instagram Post... उन्होंने अपने पोस्ट में आगे लिखा- मेरा मन आगे बढ़ना चाहता है, अब मेरा शरीर, दर्द और तनाव को सहन नहीं कर पा रहा है। मैं खुद को ऐसी स्थिति में नहीं रख सकता जहां मैं अपने साथियों, अपने फैंस या जिन टीमों का मैं प्रतिनिधित्व करता हूं, उन्हें निराश कर सकूं।

आज चैंपियन विदाई ले रहा है - ब्रावो

ब्रावो ने मौजूदा सीपीएल सत्र से पहले कहा था कि यह उनका अंतिम टूर्नामेंट होगा। इस सप्ताह की शुरुआत में तरौबा में सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ क्षेत्ररक्षण करते समय कमर में लगी चोट ने उनके सीपीएल करियर को छोटा कर दिया। ब्रावो ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा- ‘‘ऐसे में मैं भारी मन से आधिकारिक तौर पर खेल से संन्यास की घोषणा करता हूं। आज, चैंपियन विदाई ले रहा है।''

ब्रावो ने क्रिकेट करियर में 582 T20 मैच खेले

2006 से लेकर 2024 के बीच ब्रावो ने अपने टी20 क्रिकेट करियर के दौरान 582 मैच खेले हैं। उन्होंने 631 विकेट लिए हैं और लगभग 7,000 रन बनाए हैं। बावो ने कहा, ‘‘मैं अपने प्रशंसकों को अटूट प्यार और समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद कहना चाहता हूं। वेस्टइंडीज, दुनिया भर में और विशेष रूप से त्रिनिदाद और टोबैगो में मेरे सभी प्रशंसकों का हर परिस्थिति में साथ देने के लिए शुक्रिया। मैं अपने अगले अध्याय की प्रतीक्षा कर रहा हूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘एक बार फिर धन्यवाद। जल्द ही दूसरी जिम्मेदारी के साथ मिलते हैं।''
  • ब्रावो ने 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था, जबकि आईपीएल में उन्होंने अपना आखिरी मैच 2022 में खेला था। वह इसके बाद चेन्नई सुपरकिंग्स और अफगानिस्तान की टीम के साथ कोच के तौर पर जुड़े थे।
  • नाइट राइडर्स समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वेंकी मैसूर ने शुक्रवार को कहा- ‘‘डीजे ब्रावो का हमारे साथ जुड़ना एक रोमांचक विकास है।
  • उनके व्यापक अनुभव और गहन ज्ञान के साथ-साथ जीतने की उनकी ललक से हमारी फ्रेंचाइजी और खिलाड़ियों को बहुत फायदा होगा।''
  • केकेआर के अलावा वह टी20 लीग में नाइट राइडर्स की फ्रेंचाइजी टीमों के भी प्रभारी होंगे। इस भूमिका में आने के बाद उनका चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ लंबे समय तक रहा जुड़ाव खत्म हो जाएगा।
  • मैसूर ने कहा, ‘‘हमें इस बात की भी खुशी है कि ब्रावो सीपीएल, एमएलसी और आईएलटी20 सहित विश्व स्तर पर हमारी अन्य फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ेंगे।''
  • ब्रावो ने केकेआर में अपनी भूमिका पर कहा- मैं सीपीएल में पिछले 10 वर्षों से ट्रिनबागो नाइट राइडर्स का हिस्सा हूं। मैंने विभिन्न लीगों में नाइट राइडर्स के लिए और उनके खिलाफ खेला है। मैं उनके संचालन के तरीके का बहुत सम्मान करता हूं।''
  • ब्रावो ने कहा, ‘‘फ्रेंचाइजी मालिकों का जुनून, पेशेवर प्रबंधन और परिवार जैसा माहौल इसे विशेष बनाते हैं। यह मेरे लिए एकदम सही मंच है क्योंकि मैं खेलने से लेकर अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को सलाह और कोचिंग देने के लिए आगे बढ़ रहा हूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मन खेलना जारी रखना चाहता है लेकिन मेरा शरीर अब दर्द बर्दाश्त नहीं कर रहा है।''
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts