Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Cabinet : मोहन मंत्रिमंडल का विस्तार आज, 25 से 28 मंत्री ले सकते हैं, राजभवन में साढ़े 3 बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह

Follow on Google News
MP Cabinet : मोहन मंत्रिमंडल का विस्तार आज, 25 से 28 मंत्री ले सकते हैं, राजभवन में साढ़े 3 बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह
भोपाल। बीजेपी हाईकमान से कई दौर की चर्चा के बाद मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार आज होने जा रहा है। सोमवार दोपहर साढ़े 3 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसमें 25-28 मंत्रियों को शपथ दिलाने की संभावना है। सांसद से विधायक बने वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्रियों के अलावा 8-10 नए विधायकों को भी शपथ दिलाई जा सकती है।

सीएम की शपथ के 12वें दिन मंत्रिमंडल का विस्तार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुबह 9 बजे राजभवन जाकर गवर्नर मंगुभाई पटेल से मुलाकात कर उन्हें मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले विधायकों की सूची सौंपेंगे। रविवार देर रात तक विधायकों को सूचना नहीं भेजी गई थी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जिन्हें शपथ दिलाई जाना है उन सभी विधायकों को सोमवार सुबह ही सूचना भेजी जाएगी। मंत्रिमंडल में नए के साथ पुराने अनुभवी चेहरों का समावेश किया जा रहा है। सांसद से विधायक बने नेताओं को मंत्री बनाया जा रहा है। सीएम की शपथ के 12वें दिन मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा रहा है। लंबी कवायद के बाद हाईकमान ने मंत्री बनाए जा रहे नेताओं के नाम पर अपनी मोहर लगा दी है।

MP में विकास के लिए डबल इंजन की सरकार : सीएम

रविवार को दिल्ली में सीएम डॉ. यादव ने कहा कि दोपहर 3:30 बजे मध्य प्रदेश के नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण होगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में हम फिर से विकास के लिए डबल इंजन की सरकार के रूप में आएंगे। दिन में उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों सहित पार्टी के संगठन महामंत्री बीएल संतोष से भी मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने इसके पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से चर्चा के बाद सूची फाइनल की।

ये हैं संभावित मंत्री

संभावित नामों में कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, गोपाल भार्गव, तुलसी सिलावट, प्रद्युम्न सिंह तोमर, विजय शाह, संपतिया उइके, पन्नालाल शाक्य, अजय विश्नोई, हरिशंकर खटीक, विश्वास सारंग, गायत्री पॅवार, हेमंत खंडेलवाल, विष्णु खत्री, संजय पाठक, कृष्णा गौर, निर्मला भूरिया, नीना वर्मा, रीति पाठक, नागर सिंह चौहान, नारायण सिंह कुशवाह, शैलेंद्र जैन, डॉ योगेश पंडाग्रे, प्रियंका मीणा, गौतम टेटवाल, प्रीतम लोधी और प्रदीप पटेल हो सकते हैं।

नए मंत्रियों के लिए तैयार खड़ी हैं इनोवा, मंत्रालय में बैठक

नए मंत्रियों के लिए 31 गाड़ियां तैयार खड़ी हैं, जो कि सोमवार सुबह शपथ ग्रहण से पहले राजभवन पहुंच जाएंगी। दूसरी ओर, मंत्रालय में शपथ ग्रहण की सूचना मिलते ही तैयारियां तेज हो गई हैं। स्टेट गैरेज इंचार्ज आदित्य रिछारिया ने बताया कि 31 गाड़ियां तैयार हैं। राजभवन से और गाड़ियां मांगी जाएंगी, तो भेज देंगे। इनमें 2021 मॉडल इनोवा क्रिस्टा हैं।सीएम, दोनों डिप्टी सीएम के लिए 2023 मॉडल इनोवा क्रिस्टा भेजी जा चुकी हैं।

एमपी में बीजेपी को मिली बंपर जीत

मध्य प्रदेश में हाल ही में संपन्न होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बंपर जीत हासिल करते हुए बहुमत प्राप्त किया है। बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में 230 में से 163 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस पार्टी सिर्फ 66 सीटों पर सिमट गई। ये भी पढ़ें- Mohan Yadav Cabinet Expansion : एमपी में कल होगा डॉ. मोहन यादव कैबिनेट का विस्तार, दोपहर साढ़े 3 बजे शपथ ग्रहण समारोह
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts