🌤️
--Bhopal, India

डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद या कुछ और?डेढ़ साल बाद पति की गिरफ्तारी से खुला राज

राजस्थान के धौलपुर में पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने करीब डेढ़ साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा और भेष बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश करता रहा। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। आखिरकार मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
Follow on Google News
डेढ़ साल बाद पति की गिरफ्तारी से खुला राज
AI GENERATED IMAGE

मामला धौलपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के सूरजपुरा गांव का है, जहां शादी समारोह के दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी रात आरोपी ने सो रही पत्नी की हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। अब गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पुलिस पूछताछ में जुटी है। 

शादी समारोह में हुआ था विवाद 

पुलिस के अनुसार 10 और 11 फरवरी 2025 की रात सूरजपुरा गांव में एक शादी समारोह के तहत भात कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मृतका अपने रिश्तेदारों के यहां कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थी। बाद में उसका पति भी वहां आ गया। कार्यक्रम के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। 

ये भी पढ़ें: पचपदरा रिफाइनरी : 20 अप्रैल को लग गई थी आग, अब 4 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

सोते वक्त कर दी पत्नी की हत्या 

बताया जा रहा है कि समारोह खत्म होने के बाद सभी लोग आराम करने चले गए थे। इसी दौरान देर रात आरोपी ने सो रही पत्नी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और खुशियां मातम में बदल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी।

Breaking News

पुलिस ने 15 हजार का इनाम किया था घोषित 

मृतका के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी 22 वर्षीय बेटी की शादी वर्ष 2022 में हिंडौन सिटी निवासी शख्स से हुई थी। शिकायत में हत्या के साथ दहेज प्रताड़ना के आरोप भी लगाए गए थे। इसके आधार पर पुलिस ने हत्या और दहेज हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की थी।

ये भी पढ़ें: बारिश, खेती और पानी पर संकट? जानिए अल नीनो का सबसे ज्यादा असर किन चीजों पर पड़ेगा

गिरफ्तारी से बचने के लिए बदलता रहा ठिकाने

वारदात के बाद आरोपी लगातार पुलिस की नजरों से बचता रहा। वह कभी गुजरात, कभी फरीदाबाद और कभी दिल्ली सहित अन्य जगहों पर भेष बदलकर रह रहा था। पुलिस की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं, लेकिन वह हर बार बच निकलता था। लंबे समय तक गिरफ्त से बाहर रहने के कारण पुलिस ने उस पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया था।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया आरोपी 

धौलपुर पुलिस को को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गुजरात से अपने घर हिंडौन आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने प्लानिंग बनाकर निगरानी शुरू कर दी। जैसे ही आरोपी अपने घर पहुंचा, पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। 

पूछताछ के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारी मामले से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

icon

Latest Posts