Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण:भावुक हुई हेमा मालिनी, रोने लगीं बेटी अहाना

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह सम्मान उनकी पत्नी हेमा मालिनी को सौंपा। इस दौरान हेमा मालिनी भावुक हो गई।
भावुक हुई हेमा मालिनी, रोने लगीं बेटी अहाना

धर्मेंद्र को भारतीय सिनेमा में छह दशक लंबे योगदान के लिए देश का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान दिया गया। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद रहे। सम्मान ग्रहण करते समय हेमा मालिनी भावुक हो गईं, वहीं बेटी अहाना भी खुद को संभाल नहीं पाईं। बता दें कि पिछले साल नवंबर में धर्मेंद्र ने 89 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा था।

राष्ट्रपति भवन में भावुक कर देने वाला पल 

सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म सम्मान समारोह में दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह सम्मान उनकी पत्नी हेमा मालिनी को सौंपा। जैसे ही मंच से धर्मेंद्र के नाम का ऐलान हुआ, पूरा माहौल भावुक हो उठा। हेमा मालिनी सम्मान लेने मंच तक पहुंचीं तो उनकी आंखें नम हो गईं। समारोह में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी।

ये भी पढ़ें: Padma Awards 2026 : हरमनप्रीत कौर- रोहित शर्मा को पद्मश्री, राष्ट्रपति मुर्मू ने किया सम्मानित

छह दशक तक हिंदी सिनेमा पर छोड़ी अमिट छाप

बता दें कि धर्मेंद्र ने अपने लंबे फिल्मी करियर में हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं। उन्होंने एक्शन, रोमांस और पारिवारिक किरदारों के जरिए दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। इंडस्ट्री में उन्हें हीमैन के नाम से भी जाना जाता था। करीब छह दशक तक फिल्मों में सक्रिय रहकर उन्होंने भारतीय सिनेमा को नई पहचान दिलाई। यही वजह है कि उनके योगदान को सम्मानित करते हुए सरकार ने उन्हें पद्म विभूषण से नवाजा।

हेमा मालिनी और बेटी अहाना हुईं भावुक

सम्मान समारोह के दौरान हेमा मालिनी खुद को संभाल नहीं पाईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। वहीं दर्शकों के बीच बैठी बेटी अहाना भी फूट-फूटकर रोती नजर आईं। उन्होंने हाथ जोड़कर अपने पिता को याद किया, जिसे देखकर समारोह में मौजूद लोग भी भावुक हो गए। इस दौरान देओल परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे। धर्मेंद्र की कमी हर किसी को महसूस हो रही थी।

ये भी पढ़ें: Gold Silver Price Today: सोना ₹740 चढ़कर ₹1.59 लाख के करीब पहुंचा, चांदी ₹5100 उछली; 2026 में गोल्ड ₹26 हजार महंगा

नवंबर 2025 में हुआ था धर्मेंद्र का निधन

धर्मेंद्र ने 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली थी। ऑर्गन फेल्योर की वजह से उनका निधन हुआ था। उनके निधन की खबर ने फिल्म इंडस्ट्री और करोड़ों फैंस को गहरा झटका दिया था। मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। अंतिम विदाई में परिवार के साथ कई फिल्मी हस्तियां भी शामिल हुई थीं।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts