Padma Awards 2026 : हरमनप्रीत कौर- रोहित शर्मा को पद्मश्री, राष्ट्रपति मुर्मू ने किया सम्मानित

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया। इसके अलावा टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को भी पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। हरमनप्रीत को खेल जगत में शानदार योगदान और भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया। जनवरी 2026 में केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया था। इस साल खेल जगत से 9 खिलाड़ियों और खेल हस्तियों को पद्म सम्मान के लिए चुना गया।
हरमनप्रीत के लिए क्यों खास है यह सम्मान?
हरमनप्रीत कौर भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे सफल कप्तानों में गिनी जाती हैं। साल 2025 उनके करियर का बड़ा पड़ाव रहा, जब उन्होंने घरेलू मैदान पर भारतीय महिला टीम को विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई। उनकी कप्तानी और आक्रामक बल्लेबाजी ने महिला क्रिकेट को नई पहचान दिलाई। पद्मश्री सम्मान को उनके लंबे करियर और उपलब्धियों की बड़ी मान्यता माना जा रहा है।
रोहित शर्मा और प्रवीण कुमार भी हुए सम्मानित
पद्म पुरस्कार पाने वालों में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का नाम भी शामिल है। उन्हें पद्मश्री सम्मान दिया गया है। वहीं पैरा हाई जंपर प्रवीण कुमार को भी पद्मश्री से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के गोविंदगढ़ के रहने वाले प्रवीण ने पैरा खेलों में भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्हें राष्ट्रपति ने पद्म श्री से सम्मानित किया है।
कौन हैं पैरा स्टार प्रवीण कुमार?
प्रवीण कुमार ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के मोतीलाल नेहरू कॉलेज से पढ़ाई की है। उन्होंने पेरिस पैरालंपिक 2024 में हाई जंप T64 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। इससे पहले टोक्यो पैरालंपिक 2020 में उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया था। पिछले साल दिल्ली में हुई विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने कांस्य पदक जीता, जबकि 2022 एशियाई पैरा खेलों में गोल्ड मेडल हासिल किया था।
कुल कितने खिलाड़ियों को मिला पद्म सम्मान?
इस बार खेल क्षेत्र से कुल 9 दिग्गजों को पद्म पुरस्कार दिए गए। इनमें विजय अमृतराज को पद्म भूषण मिला, जबकि हरमनप्रीत कौर, रोहित शर्मा, प्रवीण कुमार, सविता पुनिया, बलदेव सिंह, भगवानदास रैकवार, के. पाजनिवेल और व्लादिमेर मेस्तविरिश्विली को पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया।
इन पुरस्कारों को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में गिना जाता है। खेल जगत के इन सितारों को मिला सम्मान देश में खेल संस्कृति और खिलाड़ियों के योगदान की बड़ी पहचान माना जा रहा है।











