Suvendu Adhikari PA Murder Case:सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या में सामने आया धनबाद कनेक्शन

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या में झारखंड के धनबाद से जुड़ा कनेक्शन सामने आया है। हत्यारों ने अपराध में इस्तेमाल की बाइक पर धनबाद के कर्मचारी विभाष भट्टाचार्य की बाइक का फर्जी नंबर चिपकाया था। इस बीच, विभाष भट्टाचार्य का घटना के समय का सीसीटीवी फुटेज सामने आने से उन्हें क्लीन चिट मिल गई है।
बाइक का फर्जी नंबर लगाया
चुनावी नतीजों के तुरंत बाद हुई इस हाई प्रोफाइल हत्या मामले की जांच के लिए गठित बंगाल पुलिस की SIT टीम जांच के लिए धनबाद पहुंची थी। यहां थाने में काफी देर तक छानबीन की गई, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। खुलासा यह है कि हत्यारों ने अपराध में इस्तेमाल की बाइक पर फर्जी नंबर लगाया था। दरअसल, यह नंबर धनबाद के एक कर्मचारी विभाष भट्टाचार्य की बाइक का चुराया गया था।
ये भी पढ़ें: Mother's Day Special : मप्र की स्वर्णलता, दुनिया की इकलौती 'मां' जिसे याद हैं अपने 3 जन्म!
ऐसे सामने आया धनबाद कनेक्शन
जांच में अपराधियों द्वारा इस्तेमाल की गई बाइक के नंबर JH से इसका झारखंड कनेक्शन निकला। अपराधियों की बाइक का नंबर धनबाद के विभाष के नाम पर रजिस्टर्ड है। जांच आगे बढ़ी तो ट्रेस धनबाद के पाथरडीह पहुंची।
विभाष भट्टाचार्य से घंटों पूछताछ
फिर पता चला कि अपराधियों ने जिस बाइक का इस्तेमाल किया था वह धनबाद के चास नाला कार्यालय में तैनात बंगाल के विभाष भट्टाचार्य के नाम पर रजिस्टर्ड है। विभाष मूल रूप से बर्नपुर (बंगाल) से हैं और कुछ साल पहले उनका तबादला हो गया था। इसके बाद, शुक्रवार रात बंगाल पुलिस धनबाद पहुंची। पाथरडीह थाने में घंटों पूछताछ के बाद टीम ने भट्टाचार्य के घर बाइक सत्यापित की। कर्मचारी ने सफाई दी कि घटना के वक्त वह कार्यालय में थे। सीसीटीवी फुटेज ने इसे साबित कर दिया। जांच में पाया गया कि हत्यारों ने उनकी बाइक का नंबर दूसरी बाइक पर चिपका लिया था। हालांकि इस मामले में जांच टीम को कोई बड़ी सफलता नहीं मिल सकी है।
ये भी पढ़ें: Mother's Day Special : मौत के मुहाने से बच्चों को खींच लाई मां, खुद बन गई जिंदगी की डोर
चार दिन पहले हुई चंद्रनाथ रथ की हत्या
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की 6 मई 2026 को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोका और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में उनके ड्राइवर भी घायल हुए थे। चंद्रनाथ रथ पूर्व वायुसेना कर्मी थे और लंबे समय से सुवेंदु अधिकारी के करीबी माने जाते थे। मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया, जबकि जांच में फर्जी नंबर प्लेट, बिहार के शार्प शूटर्स और सुपारी किलिंग जैसे एंगल भी सामने आए हैं।












