ढाका जा रही फ्लाइट में दो यात्रियों के बीच मारपीट, लात-घूंसों से मचा बवाल ; वीडियो वायरल

लंदन से ढाका जा रही बिमान बांग्लादेश एयरलाइन की फ्लाइट में दो यात्रियों के बीच अचानक विवाद हो गया। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों यात्रियों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। इस दौरान फ्लाइट में मौजूद दूसरे यात्रियों में भी डर का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बहस के बाद शुरू हुई मारपीट
'ढाका ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के मुताबिक, बिमान बांग्लादेश एयरलाइन की फ्लाइट लंदन से ढाका के लिए रवाना हुई थी। फ्लाइट के दौरान दो यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। शुरुआत में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों एक-दूसरे से मारपीट करने लगे। दोनों यात्री एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाने लगे। देखते ही देखते फ्लाइट में स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान साथी यात्रियों ने दोनों को रोकने और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन दोनों कुछ समय तक लड़ते रहे।
एक यात्री की टी-शर्ट फटी
मारपीट के दौरान एक यात्री की टी-शर्ट तक फट गई। रिपोर्ट में बताया गया है कि वह यात्री काफी आक्रामक तरीके से दूसरे यात्री को पीट रहा था। घटना के दौरान फ्लाइट में चीख-पुकार की स्थिति बन गई और दूसरे यात्रियों में डर का माहौल दिखाई दिया। काफी मुश्किल के बाद दोनों यात्रियों को शांत कराया गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फ्लाइट के अंदर यात्रियों के बीच हुई मारपीट दिखाई दे रही है।
एयरलाइन के जनरल मैनेजर ने क्या कहा?
फ्लाइट में हुई इस मारपीट को लेकर बिमान बांग्लादेश एयरलाइन से भी सवाल किया गया। एयरलाइन के जनरल मैनेजर महबुबूद्दीन अहमद ने कहा, "मुझे इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है, लेकिन जल्दी ही पता करता हूं।" एयरलाइन की ओर से इस मामले पर इसके अलावा ज्यादा जानकारी नहीं दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक, एयरलाइन ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया।
पायलट ने पहुंचकर शांत कराया मामला
दो यात्रियों के बीच मारपीट के दौरान फ्लाइट में मौजूद यात्रियों के बीच घबराहट की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पायलट तुरंत यात्रियों के पास पहुंचा और मामले को शांत कराया। फिलहाल सामने आई जानकारी में मारपीट की वजह क्या थी, इसका स्पष्ट तौर पर जिक्र नहीं किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में है।




















