दिल्ली में प्रदर्शन से थमी रफ्तार! 22 जगहों पर जाम का अलर्ट, घर से निकलने से पहले पढ़ें ट्रैफिक एडवाइजरी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के बीच सड़क पर निकलने वाले लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। मंगलवार को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शहर के कई प्रमुख इलाकों में यातायात प्रभावित होने की आशंका जताते हुए एडवाइजरी जारी की। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर कुछ रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बदली जा सकती है। इसका असर कनॉट प्लेस, संसद मार्ग और दूसरे व्यस्त इलाकों में देखने को मिल सकता है। ऐसे में दफ्तर जाने वाले लोगों, यात्रियों और जरूरी काम से निकलने वालों को पहले से अपना रास्ता तय करने की सलाह दी गई है।
प्रदर्शन के कारण कहां बिगड़ सकता है ट्रैफिक?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, पंचकुइयां गोल चक्कर और मंडी हाउस के आसपास वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। इन इलाकों में जाम लगने या वाहनों को दूसरे रास्तों पर भेजे जाने की संभावना है। इसके अलावा डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक और मिंटो रोड पर भी यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है। दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, गुरु नानक चौक और चेम्सफोर्ड रोड से कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल की ओर जाने वाले लोगों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रदर्शन की स्थिति के अनुसार इन जगहों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है।
फॉर्म-6 को लेकर किस बात पर हुआ विवाद? सुप्रीम कोर्ट ने बताई हकीकत
इन प्रमुख सड़कों पर भी रखें नजर
ट्रैफिक एडवाइजरी में भैरों रोड और महात्मा गांधी मार्ग के टी-पॉइंट, लोधी रोड फ्लाईओवर तथा नीला गुंबद गोल चक्कर का भी जिक्र किया गया है। सरदार पटेल मार्ग और पंचशील मार्ग के क्रॉसिंग पर भी यातायात प्रभावित होने की आशंका है। इसके अलावा भीकाजी कामा प्लेस के नीचे, मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे और रिंग रोड-सैन मार्टिन मार्ग के टी-पॉइंट पर वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। अशोका रोड और जंतर मंतर रोड के गोल चक्कर के साथ रेल भवन गोल चक्कर पर भी ट्रैफिक की स्थिति बदल सकती है।
संसद मार्ग और कनॉट प्लेस में बढ़ सकती है परेशानी
संसद मार्ग और आसपास के इलाकों में जाने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। जय सिंह रोड-संसद मार्ग क्रॉसिंग, पटेल चौक गोल चक्कर और जय सिंह रोड-अशोका रोड टी-पॉइंट संभावित प्रभावित स्थानों में शामिल हैं। कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल, बाराखंभा रोड के टी-पॉइंट और संसद मार्ग के जंक्शन पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी हो सकती है। आरएमएल अस्पताल गोल चक्कर के आसपास भी यातायात पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
घर से निकलने से पहले क्या करें?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि प्रभावित इलाकों में गैर-जरूरी यात्रा से बचें। सड़क पर लगे संकेतों का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों के अनुसार ही आगे बढ़ें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि एडवाइजरी में बताए गए सभी स्थानों पर रास्ते बंद होना जरूरी नहीं है। वास्तविक स्थिति के आधार पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं या उनमें बदलाव हो सकता है। इसलिए यात्रियों को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों और उपलब्ध ट्रैफिक अपडेट से जानकारी लेकर ही सफर शुरू करना चाहिए।




















