टर्बुलेंस में फंसी दिल्ली-पटना फ्लाइट :सुरक्षित लैंडिंग के बाद कैप्टन राजीव बोले- अब आप ताली बजा सकते हैं…

लखनऊ। दिल्ली से पटना जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E6497 गुरुवार को उस वक्त मुश्किल में फंस गई, जब खराब मौसम के बीच विमान अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गया। आसमान में उड़ते विमान को जोरदार झटके लगने लगे और कुछ देर के लिए यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। कई यात्री डर के कारण चीखने लगे, जबकि केबिन में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
हालांकि, इस संकट के समय विमान की कमान संभाल रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री, भाजपा सांसद और अनुभवी पायलट राजीव प्रताप रूडी ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने हालात को समझते हुए जोखिम भरी लैंडिंग से बचने का फैसला किया और विमान को सुरक्षित तरीके से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतार दिया।
पटना में लैंडिंग के दौरान बाधा बना मौसम
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E6497 दिल्ली से पटना के लिए रवाना हुई थी। पटना पहुंचने से पहले मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज हवाओं और खराब विजिबिलिटी के कारण विमान को लगातार झटके लगने लगे।
कैप्टन राजीव प्रताप रूडी ने पटना एयरपोर्ट पर विमान उतारने की कई बार कोशिश की, लेकिन मौसम लगातार खराब होता गया। इसके बाद उन्होंने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर विमान को डायवर्ट करने का फैसला लिया। पहले फ्लाइट को वाराणसी की ओर मोड़ने की कोशिश हुई, लेकिन वहां भी क्लियरेंस नहीं मिल पाया। आखिरकार विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया।
झटकों के कारण घबराए यात्री
विमान में मौजूद यात्रियों के मुताबिक, टर्बुलेंस इतना तेज था कि कई लोगों को लगा कि विमान नियंत्रण खो देगा। अचानक लग रहे झटकों के कारण कई यात्री घबरा गए। कुछ लोगों ने प्रार्थना करना शुरू कर दिया तो कई लोग रोने लगे। यात्रियों ने बताया कि कुछ मिनटों तक विमान के भीतर ऐसा माहौल था जैसे कोई बड़ा हादसा होने वाला हो। हालांकि, पायलट लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे और यात्रियों को शांत रहने की अपील करते रहे।
राजीव प्रताप रूडी ने दिखाई सूझबूझ
इस फ्लाइट की खास बात यह रही कि इसकी कमान खुद बिहार के सारण से भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी संभाल रहे थे। रूडी राजनीति के साथ-साथ एविएशन क्षेत्र में भी लंबे अनुभव रखते हैं। उन्होंने खराब मौसम को देखते हुए किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया और सुरक्षित लैंडिंग को प्राथमिकता दी। यही फैसला यात्रियों की सुरक्षा के लिए सबसे अहम साबित हुआ।
कैप्टन राजीव बोले- अब आप ताली बजा सकते हैं
जैसे ही विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा, यात्रियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद कैप्टन राजीव प्रताप रूडी ने मुस्कुराते हुए अनाउंसमेंट किया, अब आप ताली बजा सकते हैं, क्योंकि आप सुरक्षित उतर गए हैं। उनकी यह बात सुनते ही विमान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कई यात्रियों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया और उनकी सूझबूझ की जमकर तारीफ की।
यात्रियों ने बताया डरावना अनुभव
सुरक्षित लैंडिंग के बाद कई यात्रियों ने कहा कि, यह उनके जीवन का सबसे डरावना हवाई सफर था। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि अगर पायलट सही समय पर फैसला नहीं लेते तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। लखनऊ पहुंचने के बाद यात्रियों के लिए आगे की यात्रा को लेकर वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई।
राजनीति और एविएशन दोनों में लंबा अनुभव
राजीव प्रताप रूडी का जन्म 30 मार्च 1962 को पटना में हुआ था। उन्होंने राजनीति में कम उम्र में ही पहचान बना ली थी। वह 1990 में सिर्फ 28 साल की उम्र में बिहार विधानसभा पहुंचे थे। बाद में वह सारण (छपरा) सीट से सांसद बने। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वह नागरिक उड्डयन मंत्री भी रह चुके हैं। एविएशन के प्रति उनका लगाव काफी पुराना है। साल 2015 में उन्होंने बेंगलुरु एयर शो में सुखोई फाइटर जेट उड़ाकर भी सुर्खियां बटोरी थीं।











