Delhi Liquor Scam : अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत का आज आखिरी दिन, CBI केस में होगी सुनवाई, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में होंगे पेश

नई दिल्ली। दिल्ली शराब नीति से जुड़े CBI केस में तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत पर सुनवाई का आज (27 अगस्त) आखिरी दिन है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए केजरीवाल राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश होंगे। बता दें कि लोअर कोर्ट ने 20 अगस्त को केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 27 अगस्त तक बढ़ा दी थी। वहीं, इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने 5 अगस्त को केजरीवाल की सीबीआई को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी थी। इसके साथ ही जमानत के लिए लोअर कोर्ट जाने के लिए कहा था।
केजरीवाल के खिलाफ 2 केस
ED केस – सुप्रीम कोर्ट से 12 जुलाई को जमानत मिल चुकी है। CBI केस – सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल जमानत देने से इनकार कर दिया।HC ने CBI की गिरफ्तारी को बरकरार रखा था
सोमवार (5 अगस्त) को दिल्ली हाईकोर्ट ने कथित आबकारी नीति घोटाले के मामले में सीबीआई द्वारा केजरीवाल की गिरफ्तारी को बरकरार रखा था। सीएम अरविंद केजरीवाल की तरफ से इस गिरफ्तारी को चुनौती देने के लिए याचिका दायर की गई थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। कोर्ट ने कहा था कि सीबीआई की कार्रवाई में कोई दुर्भावना नहीं है, जिससे पता चलता है कि आम आदमी पार्टी प्रमुख उन गवाहों को कैसे प्रभावित कर सकते हैं, जो उनकी गिरफ्तारी के बाद ही गवाही देने का साहस जुटा सकते हैं। हाई कोर्ट पहले ही उनकी जमानत याचिका खारिज कर चुका है, जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।21 मार्च को गिरफ्तार हुए थे केजरीवाल
ईडी ने लगभग दो घंटे की पूछताछ के बाद अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को उनके आधिकारिक आवास से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें शुक्रवार (22 मार्च) को राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया और पूछताछ के लिए 10 दिनों की रिमांड मांगी, लेकिन कोर्ट ने छह दिन की रिमांड दी। 28 मार्च को केजरीवाल की रिमांड अवधि खत्म हुई, जो बाद में 1 अप्रैल तक बढ़ा दी गई। कोर्ट ने केजरीवाल को 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक के लिए ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा था। जिसके बाद फिर से राउज एवेन्यू कोर्ट ने केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 23 अप्रैल तक बढ़ा दी थी। केजरीवाल को तिहाड़ जेल में 2 नंबर बैरक में रखा गया है।





















