दिल्ली ITO पर भयानक हादसा! डिवाइडर तोड़कर दूसरी गाड़ी से भिड़ी कार, 2 विधायक समेत कई घायल

राजधानी दिल्ली के ITO रेड लाइट पर पुराने पुलिस मुख्यालय (PHQ) के सामने देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क के दूसरी तरफ पहुंच गई। इसके बाद कार फुटपाथ पर लगी लोहे की ग्रिल से जा टकराई और उसमें बुरी तरह फंस गई। हादसे की तस्वीरें देखकर दुर्घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
कर्नाटक सरकार की गाड़ी से हुई जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, डिवाइडर से टकराने के बाद बेकाबू कार सामने से आ रही कर्नाटक सरकार की बोर्ड लगी गाड़ी से भिड़ गई। दोनों वाहनों की टक्कर काफी तेज थी। इससे कर्नाटक सरकार की गाड़ी का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में खड़े रहे, जिसके चलते कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की।
CNG लीकेज की सूचना से बढ़ी चिंता
हादसे के तुरंत बाद दमकल विभाग को दुर्घटनाग्रस्त कार से CNG गैस लीक होने की सूचना मिली। गैस रिसाव की खबर से मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों की चिंता बढ़ गई, क्योंकि ऐसी स्थिति में आग लगने या किसी बड़े हादसे का खतरा हो सकता था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तेजी से कार्रवाई की। दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने और किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए।
दो विधायकों समेत कई लोग घायल
इस सड़क हादसे में दिल्ली की किराड़ी विधानसभा सीट से पूर्व विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पटेल के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनके अलावा स्विफ्ट कार चालक आशुतोष पांडे और उनके परिवार के सदस्य भी हादसे में घायल हुए हैं। बताया गया है कि घायलों को तुरंत इलाज के लिए लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल (LNJP) ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी घायलों की हालत स्थिर बताई और फिलहाल किसी की स्थिति खतरे में नहीं होने की जानकारी दी।
परिवार के साथ ITO की ओर जा रहे थे आशुतोष पांडे
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ। पुलिस कंट्रोल रूम को दुर्घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के आर्य नगर इलाके में रहने वाले 32 वर्षीय आशुतोष पांडे अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ स्विफ्ट कार में सवार थे। वे लक्ष्मी नगर से ITO की ओर जा रहे थे। PWD ऑफिस के पास उनकी कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराई और उसे पार करते हुए दूसरी दिशा से आ रही इनोवा से जा भिड़ी। मौके पर पुलिस को इनोवा और स्विफ्ट दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिले। पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों को समझने के लिए आसपास के इलाके की जानकारी और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और दमकल ने हटाए दुर्घटनाग्रस्त वाहन
हादसे के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हो गया था। स्थिति को सामान्य करने के लिए पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मिलकर काम किया। दोनों वाहनों को सड़क से हटाया गया और यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कार अचानक अनियंत्रित क्यों हुई। हादसे के पीछे तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या कोई तकनीकी कारण था, इसकी जांच की जा रही है।




















