इंदौर। वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले बकाया वसूली को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। इसी कड़ी में जूनी इंदौर तहसील प्रशासन ने शहर के प्रतिष्ठित डेली कॉलेज प्रबंधन और मॉल संचालक पिंटू छाबड़ा को डायवर्सन टैक्स के बकाया को लेकर नोटिस जारी किए हैं। दोनों मामलों में कुल मिलाकर करीब ढाई करोड़ रुपए की वसूली का नोटिस दिया गया है।
तहसील प्रशासन के अनुसार डेली कॉलेज के प्रिंसिपल के नाम पर करीब 1.50 करोड़ रुपए का नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में बताया गया है कि मूसाखेड़ी स्थित कॉलेज परिसर की 3,34,870 वर्गमीटर भूमि का पिछले पांच वर्षों से डायवर्सन टैक्स जमा नहीं किया गया है। इसमें लगभग 1 करोड़ रुपए मूल टैक्स के साथ 50 प्रतिशत जुर्माना जोड़कर कुल 1.50 करोड़ रुपए की वसूली बताई गई है। इसके अलावा कॉलेज की चितावद ग्राम स्थित 29,670 वर्गमीटर जमीन पर भी बकाया टैक्स को लेकर अलग से नोटिस जारी किया गया है। इस जमीन पर 13.35 लाख रुपए टैक्स के साथ 50 प्रतिशत जुर्माना जोड़कर पांच वर्षों का बकाया मांगा गया है।
पिंटू छाबड़ा पर 57 लाख से ज्यादा का टैक्स बकाया
इसी तरह बायपास के पास निपानिया क्षेत्र में जमीन को लेकर मॉल संचालक पिंटू छाबड़ा को भी नोटिस थमाया गया है। प्रशासन के मुताबिक उनकी 3.667 हेक्टेयर जमीन पर 57.36 लाख रुपए का डायवर्सन टैक्स निकाला गया है। वहीं दूसरी जमीन, जो पिंटू छाबड़ा और उनकी पत्नी प्रभजोत कौर के संयुक्त नाम पर 1.939 हेक्टेयर है, उस पर 49.25 लाख रुपए की वसूली का नोटिस जारी किया गया है। इस तरह छाबड़ा दंपती पर करीब 1 करोड़ रुपए का डायवर्सन टैक्स बकाया बताया गया है।तहसील प्रशासन ने दोनों पक्षों को तय समय सीमा में राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं। समय पर भुगतान नहीं होने की स्थिति में कुर्की सहित अन्य सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।