90 MLA के खिलाफ आपराधिक मामले, यह 2018 से 4 कम

भोपाल। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में जीते 230 विधायकों में 90 ऐसे हैं जिन्होंने अपने खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी है। यह संख्या पिछले चुनाव से चार कम है। वहीं पांच साल में करोड़पति विधायकों की संख्या 187 से बढ़कर 205 हो गई है। टिमरनी से एक बार फिर चुनाव जीते कांग्रेस प्रत्याशी अभिजीत शाह सबसे कम उम्र के और नागौद एवं गुढ़ से जीते नागेन्द्र सिंह सबसे अधिक उम्र के विधायक हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म-एडीआर ने मंगलवार को एक रिपोर्ट जारी करते हुए वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में जीते 230 विधायकों की आपराधिक पृष्ठभूमि, आय, शैक्षिक योग्यता, उम्र सहित अन्य जानकारी साझा की है। एडीआर ने बताया कि पांच साल में आपराधिक मामले दर्ज होने वाले विधायकों की संख्या में चार की कमी आई है। जबकि शिक्षा के मामले में इस बार 161 ऐसे प्रत्याशी जीते हैं जो स्नातक या इससे अधिक पढ़े-लिखे हैं। सिर्फ दो ही ने अपने को साक्षर होना बताया है।
34 विधायकों के खिलाफ गंभीर अपराध दर्ज
विजेता उम्मीदवारों में 34 ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी है। इनमें पिछोर से जीते प्रीतम लोधी पर हत्या का प्रकरण दर्ज होना बताया गया है। जबकि पांच अन्य ने हत्या का प्रयास संबंधी प्रकरण दर्ज होना बताया है।





















