अर्शदीप सिंह ने रचा इतिहास, T20I में एक साल में 39 विकेट लेकर की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में एक विकेट लेते ही उन्होंने एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा विकेट लेने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अर्शदीप के नाम अब साल 2026 में कुल 39 विकेट हो गए हैं। उन्होंने आयरलैंड के गेंदबाज जोशुआ लिटिल की बराबरी की है, जिन्होंने साल 2022 में 39 विकेट लिए थे।
जोशुआ लिटिल के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में अर्शदीप सिंह ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 33 रन देकर एक विकेट लिया। टिम सीफर्ट उनका इस साल का 39वां शिकार बने। इसके साथ ही उन्होंने एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल विकेट लेने के मामले में आयरलैंड के जोशुआ लिटिल की बराबरी कर ली। जोशुआ लिटिल ने साल 2022 में 39 विकेट लेकर यह रिकॉर्ड बनाया था। अब अर्शदीप भी 39 विकेट के साथ इस लिस्ट में संयुक्त रूप से पहले नंबर पर पहुंच गए हैं।
एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा T20I विकेट
ICC के पूर्ण सदस्य देशों के गेंदबाजों की बात करें तो एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में अर्शदीप और जोशुआ लिटिल संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।
39 विकेट - अर्शदीप सिंह (भारत), 2026
39 विकेट - जोशुआ लिटिल (आयरलैंड), 2022
38 विकेट - वानिंदु हसरंगा (श्रीलंका), 2024
37 विकेट - भुवनेश्वर कुमार (भारत), 2022
अर्शदीप के पास अब इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने का मौका है। भारतीय टीम को साल 2026 में अभी कई टी20 मुकाबले खेलने हैं। ऐसे में वह एक कैलेंडर ईयर में 40 या उससे ज्यादा विकेट लेकर नया रिकॉर्ड बना सकते हैं।
150 T20I विकेट लेने से सिर्फ एक कदम दूर
अर्शदीप सिंह एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बेहद करीब हैं। वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 150 विकेट पूरे करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बनने से सिर्फ एक विकेट दूर हैं। अब तक अर्शदीप 102 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 149 विकेट ले चुके हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में एक और विकेट मिलने पर वह 150 विकेट का आंकड़ा छू सकते थे। भारतीय गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह इस मामले में दूसरे स्थान पर हैं। उनके नाम अब तक 126 टी20 इंटरनेशनल विकेट दर्ज हैं।
अर्शदीप की लगातार शानदार गेंदबाजी ने उन्हें भारतीय टी20 टीम के सबसे अहम गेंदबाजों में शामिल कर दिया है। अब फैंस को इंतजार है कि वह कब 150 विकेट का आंकड़ा पार कर नया इतिहास रचते हैं।



















