नगर निगम की टीम ने छोला रोड क्षेत्र में स्थित मोहन नमकीन फैक्ट्री पर छापा मारते हुए 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। इसी क्षेत्र में संचालित शानवी सिंगदाना फैक्ट्री पर 25 हजार रुपए का स्पॉट फाइन लगाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों फैक्ट्रियों में गजक और नमकीन बनाने के लिए कोयले की भट्टियों का उपयोग किया जा रहा था, जो एनजीटी के आदेशों के स्पष्ट उल्लंघन की श्रेणी में आता है।
नगर निगम ने एनजीटी के आदेशों के पालन में सख्ती दिखाते हुए निगरानी के लिए एक विशेष टीम गठित की है। इस टीम में निगम अधिकारी, एचओ (हेल्थ ऑफिसर) और वार्ड दरोगा शामिल हैं, जिन्हें यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है कि कोई भी होटल, रेस्टोरेंट, मैरिज गार्डन या खाद्य उत्पादक इकाई कोयले या तंदूर का अवैध रूप से उपयोग न करे।
नगर निगम द्वारा पहले ही होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को तंदूर और कोयले के उपयोग पर रोक की जानकारी दी जा चुकी है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई की जा रही है। निगम ने साफ किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों को न केवल जुर्माने का सामना करना पड़ेगा, बल्कि उनकी इकाइयों को सील भी किया जा सकता है।