Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

देश में फिर बढ़ने लगे कोरोना के मामले, 24 घंटे में 685 नए मरीज, 4 की मौत; स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्य सरकारें अलर्ट मोड में

देश में फिर बढ़ने लगे कोरोना के मामले, 24 घंटे में 685 नए मरीज, 4 की मौत; स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्य सरकारें अलर्ट मोड में
Corona Cases Update देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 31 मई की सुबह 8 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 3,395 हो गई है। बीते 24 घंटे में 685 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं, जबकि 1,435 मरीज संक्रमण से ठीक होकर घर लौटे।

संक्रमण से 4 लोगों की मौत

पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण से 4 लोगों की मौत भी हुई है। ये मौतें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल और उत्तर प्रदेश से एक-एक मरीज की बताई गई हैं। यह आंकड़ा फिर से चिंता बढ़ा रहा है।

कहां कितने नए मामले सामने आए?

कुछ राज्यों में नए मामलों की संख्या ज्यादा है। आंकड़े इस प्रकार हैं-
  • केरल – 189
  • पश्चिम बंगाल – 89
  • कर्नाटक – 86
  • दिल्ली – 81
  • उत्तर प्रदेश – 75
  • महाराष्ट्र – 43
  • गुजरात – 42
  • तमिलनाडु – 37
  • राजस्थान, पुडुचेरी, मध्य प्रदेश, हरियाणा, झारखंड – 6-6
  • छत्तीसगढ़ – 3
  • ओडिशा, जम्मू-कश्मीर – 2-2
  • आंध्र प्रदेश, पंजाब, गोवा – 1-1

इन राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस

  • केरल – 1,336
  • महाराष्ट्र – 467
  • दिल्ली – 375
  • गुजरात – 265
  • कर्नाटक – 234
  • पश्चिम बंगाल – 205
  • तमिलनाडु – 185
  • उत्तर प्रदेश – 117

केंद्र सरकार का अलर्ट

स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को सतर्क रहने और कोरोना टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि अगर बुखार, खांसी, सर्दी या थकावट जैसे हल्के लक्षण हों, तो तुरंत जांच कराएं और डॉक्टर से सलाह लें।

कर्नाटक सरकार ने जारी किया सर्कुलर

कर्नाटक सरकार ने कोविड मामलों में बढ़ोतरी और स्कूल खुलने के मद्देनज़र नया सर्कुलर जारी किया है। इसमें अभिभावकों से अपील की गई है कि अगर बच्चों में कोरोना जैसे लक्षण हों, तो उन्हें स्कूल न भेजें। अगर कोई बच्चा लक्षणों के साथ स्कूल आता है, तो स्कूल प्रशासन को माता-पिता को तुरंत सूचित कर बच्चे को घर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

स्कूलों में इन बातों का पालन जरूरी

सरकार ने स्कूलों में निम्न सावधानियां अपनाने की सलाह दी है-
  • नियमित हाथ धोना
  • खांसी और छींकते समय मुंह ढंकना
  • भीड़भाड़ से बचना और आवश्यकता अनुसार मास्क का प्रयोग
  • बीमार होने पर स्कूल या कार्यस्थल से दूरी बनाना
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts