रीवा में श्रमिक को चाकू मारने से उपजा विवाद, कार में लगाई आग, चक्काजाम कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज, पथराव में आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल

रीवा। जिला मुख्यालय में एक श्रमिक पर धारदार हथियार से हमले करने के बाद तनाव के हालात बन गए। बुधवार को सुबह एक मजदूर पर चाकू से हमला करने के बाद उपजे विवाद में मारपीट, पथराव और आगजनी की घटना हो गई, जिसमें करीब आधा दर्जन पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। घायलों में एक थाना प्रभारी है, जिसके सिर पर चोट आई है। वहीं एक कार को भी जला दिया गया है।
सड़क पर प्रदर्शन करते हुए किया चकाजाम
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ढेकहा चौराहे पर सुबह एक दुकानदार का श्रमिक से विवाद हो गया। इसी विवाद में दुकानदार के गार्ड ने श्रमिक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद सुरक्षा गार्ड मौके से भागकर दुकान में छिप गया, वहां मौजूद अन्य श्रमिकों ने घायल श्रमिक को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करते हुए चकाजाम कर दिया। इस बीच घटना की खबर लगते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और श्रमिकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन श्रमिक आरोपी सुरक्षा गार्ड को बाहर निकालने को लेकर उपद्रव करने लगे। देखें वीडियो...TI-SI समेत कई पुलिसकर्मी घायल
पुलिस ने लाठीचार्ज कर मजदूरों को तितर-बितर किया तो श्रमिकों ने दुकानदार की कार को आग लगा दी और पुलिस पर जमकर पथराव किया। इस घटना में करीब 6 पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। घायलों में एक थाना प्रभारी और दो एसआई शामिल हैं। घायल पुलिस कर्मचारियों को अस्पताल ले जाया गया।





















