Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'जी राम जी' पर हंगामा : कांग्रेस ने कहा-असली मुद्दों से भटकाने का काम, रामेश्वर बोले-कांग्रेस राम जी विरोधी

लोकसभा में मंगलवार को पेश किए गए विकसित भारत रोजगार गारंटी बिल (वीबी-जी राम जी ) को लेकर भोपाल में विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस और भाजपा नेता आमने सामने रहे। कांग्रेस ने इसे लेकर प्रदर्शन किया तो भाजपा विधायक ने कहा कांग्रेस पार्टी शुरू से ही रामजी के नाम पर आपत्ति करती है।
 कांग्रेस ने कहा-असली मुद्दों से भटकाने का काम, रामेश्वर बोले-कांग्रेस राम जी विरोधी
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। राज्य विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान कांग्रेस और भाजपा के विधायक आमने-सामने रहे। कांग्रेस नेताओं ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलकर 'जी राम  जी' करने पर प्रदर्शन किया। मनरेगा का नाम बदलने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस विधायक दल ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ विधानसभा परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं भाजपा विधायक ने कहा की रामजी के नाम पर कांग्रेस शुरू से ही विरोध करती आई है, हम राम जी की जय बोलेंगे।

    Twitter Post

    मनरेगा ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के जीवन की गारंटी

    नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा सरकार नाम बदलने की राजनीति कर जनता के असली मुद्दों  रोजगार, महंगाई, किसानों और मजदूरों की समस्याओं—से ध्यान भटकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के जीवन की गारंटी है, जिसे गांधीजी के नाम से जोड़कर सामाजिक न्याय और स्वाभिमान का प्रतीक बनाया गया था।

    क्या भाजपा को बापू से डर लगता है-सिंघार

    नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा गांधी जी के नाम को बदल रही है—क्या भाजपा को बापू से डर लगता है या फिर वह उनका सम्मान नहीं करती? गांधीजी का नाम हटाना उनके विचारों और संविधान के मूल्यों पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि गांधीजी के नाम और उनकी विचारधारा से जुड़े किसी भी प्रतीक के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    सोनिया चाहती हैं रामजी का विरोध हो : रामेश्वर

    Twitter Post

    इस बारे में जब मीडिया ने भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा से बात की तो उन्होंने कहा कि 'जी राम जी' से कांग्रेस को पहले भी आपत्ति थी क्योंकि कांग्रेस राम विरोधी है।  उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी चाहती हैं कि कांग्रेस भगवान राम का विरोध करे, कृष्ण का विरोध करे, महावीर का विरोध करे, गुरुनानक का विरोध करे, गौतम बुद्ध का विरोध करे।

    'राम का विरोध करके रावण का अंत हुआ था'

     रामेश्वर शर्मा ने कहा कि हम डंके की चोट पर कह रहे हैं कि हम भगवान राम का सम्मान करेंगे, हम कृष्ण का सम्मान करेंगे, हम महावीर का सम्मान करेंगे, हम गौतम बुद्ध का सम्मान करेंगे, हम गुरुनानक का सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह धरती उनके विचारों से प्रभावित है, यह धरती उनकी मर्यादाओं के आधार पर चलती है। कांग्रेस को ये बात रखना ये बात याद रखना चाहिए कि राम का विरोध करने रावण का अंत हुआ था उसी प्रकार कांग्रेस का भी अंत होगा। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts