Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

CWG 2026:भारत ने एक दिन में जीते 16 मेडल, 8 गोल्ड के साथ रचा इतिहास, मेडल टैली में चौथे स्थान पर पहुंचा देश

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में 16 मेडल जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया। शनिवार को भारतीय खिलाड़ियों ने 8 गोल्ड, 5 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए।
भारत ने एक दिन में जीते 16 मेडल, 8 गोल्ड के साथ रचा इतिहास, मेडल टैली में चौथे स्थान पर पहुंचा देश
CWG 2026 में भारत ने एक ही दिन में 16 मेडल जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया

ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शनिवार का दिन भारत के लिए बेहद खास रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में 16 पदक अपने नाम किए। इनमें 8 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं। इस शानदार प्रदर्शन की सबसे बड़ी वजह भारतीय मुक्केबाज रहे। बॉक्सिंग में भारत ने 7 गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। यह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में मुक्केबाजी में भारत का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन माना जा रहा है। इतना ही नहीं, शनिवार भारत के लिए एक और रिकॉर्ड लेकर आया। यह पहला मौका है जब भारतीय खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स में एक ही दिन में सबसे ज्यादा पदक जीते हैं।

दिन की शुरुआत गोल्ड से और अंत भी 

भारत की जीत का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था। सबसे पहले प्रीती पवार ने महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को पहला गोल्ड दिलाया। इसके बाद एक-एक कर भारतीय खिलाड़ी जीत दर्ज करते गए और पूरे दिन पदकों की बारिश होती रही। दिन का आखिरी स्वर्ण पदक अंकुश पंघाल ने पुरुषों के 80 किलोग्राम वर्ग में जीतकर भारत की झोली में डाला।

/img/99/1785647024422

बॉक्सिंग में भारत का दबदबा, 7 मुक्केबाज बने चैंपियन

शनिवार को भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार खेल दिखाया। कुल 7 बॉक्सर गोल्ड मेडल जीतने में सफल रहे। इनमें 5 महिला और 2 पुरुष मुक्केबाज शामिल रहे। महिला खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे बड़े मंच पर दबाव को बेहतरीन तरीके से संभाल सकती हैं। वहीं पुरुष खिलाड़ियों ने भी अपने शानदार प्रदर्शन से भारत का गौरव बढ़ाया।

पैरा एथलेटिक्स में भी चमका भारत

बॉक्सिंग के अलावा पैरा एथलेटिक्स में भी भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। सोमन राणा ने पुरुषों की शॉट पुट F57 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। इसी स्पर्धा में शुभम जुयाल ने रजत पदक जीतकर भारत को डबल खुशी दी।

CWG 2026 : फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई मुक्केबाज से हारे जादूमणि सिंह, भारत को दिलाया रजत पदक

शनिवार को गोल्ड जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी

भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार रही-

  • प्रीती पवार- बॉक्सिंग (महिला 54 किग्रा)
  • जैस्मीन लैंबोरिया- बॉक्सिंग (महिला 57 किग्रा)
  • साक्षी चौधरी- बॉक्सिंग (महिला 51 किग्रा)
  • प्रिया घंघास- बॉक्सिंग (महिला 60 किग्रा)
  • अरुंधति चौधरी- बॉक्सिंग (महिला 70 किग्रा)
  • सचिन सिवाच- बॉक्सिंग (पुरुष 60 किग्रा)
  • अंकुश पंघाल- बॉक्सिंग (पुरुष 80 किग्रा)
  • सोमन राणा- पैरा एथलेटिक्स (शॉट पुट F57)

5 खिलाड़ियों ने जीते सिल्वर मेडल

भारत ने शनिवार को पांच रजत पदक भी अपने नाम किए।

  • प्रवीण चित्रवेल- एथलेटिक्स (ट्रिपल जंप)
  • जदुमणि सिंह- बॉक्सिंग (55 किग्रा)
  • शुभम जुयाल- पैरा एथलेटिक्स (शॉट पुट F57)
  • लवलीना बोरगोहेन- बॉक्सिंग (75 किग्रा)
  • नरेंद्र बेरवाल- बॉक्सिंग (90+ किग्रा)

CWG 2026 : 10 मिनट में भारत को मिले दो गोल्ड, प्रीति पवार और जैस्मिन लांबोरिया ने बॉक्सिंग में लहराया तिरंगा

तीन खिलाड़ियों ने दिलाया कांस्य पदक

भारत के खाते में शनिवार को तीन कांस्य पदक भी आए।

  • सेल्वा प्रभु- एथलेटिक्स (ट्रिपल जंप)
  • उन्नति शर्मा- जूडो (महिला 63 किग्रा)
  • गुलवीर सिंह- एथलेटिक्स (5000 मीटर दौड़)

महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दम

शनिवार को भारतीय महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। बॉक्सिंग में प्रीती पवार, जैस्मीन लैंबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास और अरुंधति चौधरी ने गोल्ड जीतकर भारत की ताकत दुनिया को दिखाई। इसके अलावा लवलीना बोरगोहेन ने सिल्वर और उन्नति शर्मा ने जूडो में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर महिला खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को और मजबूत बनाया।

मेडल टैली में भारत ने लगाई लंबी छलांग

शनिवार की शुरुआत में भारत मेडल टैली में 10वें स्थान पर था। लेकिन दिनभर मिले लगातार गोल्ड मेडल की बदौलत भारत ने बड़ी छलांग लगाई और सीधे चौथे स्थान पर पहुंच गया। यह भारत के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि एक ही दिन के प्रदर्शन ने पूरे अंक तालिका का समीकरण बदल दिया।

CWG 2026 में भारत का जलवा! 6 मेडल जीतने पर PM मोदी ने पदक विजेताओं को दी बधाई, बोले- खिलाड़ियों ने रचा इतिहास

भारत के खाते में अब 39 मेडल

शनिवार के मुकाबलों के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 39 हो गई है। इनमें 13 गोल्ड मेडल, 17 सिल्वर मेडल और 9 ब्रॉन्ज मेडल शामिल है। भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले मुकाबलों में भी देश के खाते में कई और पदक जुड़ सकते हैं।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts