CWG 2026 :10 मिनट में भारत को मिले दो गोल्ड, प्रीति पवार और जैस्मिन लांबोरिया ने बॉक्सिंग में लहराया तिरंगा

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 10 मिनट के भीतर दो स्वर्ण पदक भारत की झोली में डाल दिए। पहले प्रीति पवार ने महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जीत दर्ज की और उसके कुछ ही मिनट बाद जैस्मिन लांबोरिया ने 57 किलोग्राम वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। इन दोनों जीतों के साथ भारत के खाते में अब 7 स्वर्ण पदक और कुल 25 पदक हो चुके हैं। शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय दल मेडल टैली में छठे स्थान पर पहुंच गया है।
प्रीति और जैस्मिन ने फाइनल में दिखाया दम
हरियाणा की मुक्केबाज प्रीति पवार ने महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में कनाडा की सवाना डोलमागो को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद जैस्मिन लांबोरिया ने 57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में नॉर्दर्न आयरलैंड की मिकाएला वॉल्स को मात देकर भारत को दूसरा गोल्ड दिलाया। दोनों खिलाड़ियों की जीत ने भारतीय बॉक्सिंग टीम के शानदार प्रदर्शन को और मजबूत किया।
आज आठ भारतीय मुक्केबाज और खेलेंगे गोल्ड फाइनल
भारत के लिए शनिवार का दिन बॉक्सिंग में बेहद अहम है। प्रीति और जैस्मिन के बाद अब आठ भारतीय मुक्केबाज अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में स्वर्ण पदक के लिए उतरेंगे। इनमें जदुमणि सिंह (55 किग्रा), साक्षी चौधरी (51 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा) और नरेंद्र बरवाल (90+ किग्रा) शामिल हैं।
प्रीति पवार का शानदार रिकॉर्ड
प्रीति पवार पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए कई पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने 2022 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप और 2023 एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीता था। वह पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं। इसके अलावा, उन्होंने 2026 एशियन चैंपियनशिप और 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में भी स्वर्ण पदक जीता था। उनकी ट्रेनिंग एनएस-एनआईएस पटियाला में होती है।
अन्य खेलों में भी पदक की उम्मीद
बॉक्सिंग के अलावा भारत के खिलाड़ी एथलेटिक्स, पैरा एथलेटिक्स, जूडो, ट्रैक साइक्लिंग और लॉन बॉल्स में भी चुनौती पेश कर रहे हैं। शनिवार को कुल 44 गोल्ड मेडल इवेंट्स आयोजित हो रहे हैं। हालांकि, पैरा एथलेटिक्स में रमेश शनमुगम पुरुष 1500 मीटर टी-54 फाइनल में सातवें स्थान पर रहे। वहीं, महिला 10,000 मीटर रेस वॉक में भारत की रवीना गायकवाड़ को नियमों के उल्लंघन के कारण डिस्क्वालिफाई कर दिया गया। भारत की नजर अब दिन के बाकी मुकाबलों पर है, जहां कई और स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद बनी हुई है।












