CWG 2026 :फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई मुक्केबाज से हारे जादूमणि सिंह, भारत को दिलाया रजत पदक

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 10वें दिन भारत के मुक्केबाज जादूमणि सिंह पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए। फाइनल मुकाबले में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के झाई डिक्सन के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इस प्रदर्शन के साथ जादूमणि ने भारत के लिए रजत पदक जरूर हासिल किया।
पहला राउंड जीता, लेकिन वापसी नहीं कर सके
फाइनल मुकाबले की शुरुआत जादूमणि सिंह ने अच्छी की और पहला राउंड खंडित फैसले से अपने नाम किया। लेकिन इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई मुक्केबाज झाई डिक्सन ने शानदार वापसी करते हुए दूसरे और तीसरे राउंड में दबदबा बनाया। निर्णायकों ने सर्वसम्मति से मुकाबला झाई डिक्सन के पक्ष में दिया और उन्हें स्वर्ण पदक का विजेता घोषित किया। वहीं, जादूमणि को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
बॉक्सिंग में भारत के खाते में अब तीन पदक
जादूमणि सिंह के रजत पदक के साथ भारत ने बॉक्सिंग में अब तक तीन पदक अपने नाम कर लिए हैं। इससे पहले प्रीति पवार ने महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग में और जैस्मिन लांबोरिया ने 57 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था।
अब बाकी भारतीय मुक्केबाजों पर नजर
कॉमनवेल्थ गेम्स के 10वें दिन भारत के कई अन्य मुक्केबाज भी अपने-अपने फाइनल मुकाबले खेल रहे हैं। भारतीय खेल प्रेमियों की निगाहें अब बाकी फाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां टीम इंडिया को और स्वर्ण पदक मिलने की उम्मीद है।












