Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एक ही टूर्नामेंट में दो गोल्ड, भारत की पुरुष और महिला टीम ने कबड्डी में रचा इतिहास!

कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारत ने इतिहास रच दिया है। पुरुष टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 54-20 से हराया, जबकि महिला टीम ने यूगांडा को 35-15 से मात देकर गोल्ड मेडल जीता। पहले संस्करण में दोनों खिताब जीतकर भारतीय खिलाड़ियों ने अपना दबदबा दिखाया। जानिए फाइनल मुकाबलों का पूरा हाल और किस खिलाड़ी ने कितने अंक बनाए।
एक ही टूर्नामेंट में दो गोल्ड, भारत की पुरुष और महिला टीम ने कबड्डी में रचा इतिहास!
कबड्डी में भारत का ऐसा तूफान, दोनों फाइनल जीतकर रच दिया इतिहास!

कबड्डी के मैदान में भारतीय खिलाड़ियों ने ऐसा दम दिखाया कि विरोधी टीमें देखते रह गईं। कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारत की पुरुष और महिला, दोनों टीमों ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। पुरुष टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 54-20 से करारी शिकस्त दी, जबकि महिला टीम ने यूगांडा को 35-15 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस चैंपियनशिप का यह पहला संस्करण था और भारत ने दोनों गोल्ड जीतकर टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम कर दिया।

पुरुष टीम ने श्रीलंका को 34 अंकों से हराया

सुरजीत सिंह की कप्तानी में उतरी भारतीय पुरुष टीम ने फाइनल में शुरुआत से ही श्रीलंका पर दबाव बना लिया। टीम ने पहले हाफ में 15-2 की बढ़त हासिल की। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। श्रीलंका की रेडिंग और डिफेंस टीम इंडिया के सामने टिक नहीं पाई। भारत ने आखिरकार 54-20 से मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया। खास बात यह रही कि पूरी चैंपियनशिप में भारतीय पुरुष टीम अजेय रही। किसी भी टीम के लिए भारत को कड़ी चुनौती देना आसान नहीं रहा।

आदित्य शिंदे ने बटोरे सबसे ज्यादा अंक

फाइनल मुकाबले में भारत की जीत के हीरो आदित्य शिंदे रहे। उन्होंने 10 अंक हासिल किए, जिसमें 6 टच पॉइंट्स शामिल थे। वहीं, भरत हुड्डा ने 8 और पंकज मोहिते ने 6 अंक जुटाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। डिफेंस में योगेश दहिया ने शानदार प्रदर्शन किया और 5 टैकल पॉइंट्स अपने नाम किए। गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने तिरंगे के साथ मैदान में लैप ऑफ ऑनर किया और अपनी जीत का जश्न मनाया।

महिला टीम ने भी यूगांडा को दी करारी शिकस्त

पुरुष टीम के बाद भारतीय महिला खिलाड़ियों ने भी फाइनल में अपना दम दिखाया। टीम इंडिया ने यूगांडा को 35-15 से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया। मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय टीम हावी रही और यूगांडा को वापसी का मौका नहीं दिया। महिला टीम की ओर से साक्षी सबसे बड़ी स्कोरर रहीं। उन्होंने 10 प्रयासों में 9 अंक हासिल किए। वहीं, अनु सेन ने 6 रेड पॉइंट्स जुटाए। निधि शर्मा ने बोनस पॉइंट्स के जरिए टीम की बढ़त बनाए रखने में मदद की। भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में 20 रेड और 10 टैकल पॉइंट्स हासिल किए।

ये भी पढ़ें: IND vs NZ 5th T20I: टी20 में फिर बरसेंगे रन या पलटेगा खेल? जानें कब और कहां होगा आखिरी मुकाबला

पुरुष और महिला वर्ग में किसे मिला कौन सा मेडल?

कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप के पहले संस्करण में भारत ने पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल जीता।

पुरुष वर्ग के नतीजे:

  • गोल्ड मेडल – भारत
  • सिल्वर मेडल – श्रीलंका
  • ब्रॉन्ज मेडल – केन्या और बांग्लादेश

महिला वर्ग के नतीजे:

  • गोल्ड मेडल – भारत
  • सिल्वर मेडल – यूगांडा
  • ब्रॉन्ज मेडल – केन्या और श्रीलंका

इस तरह भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने दो गोल्ड मेडल जीतकर कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप के पहले संस्करण को यादगार बना दिया। दोनों फाइनल में शानदार जीत के साथ भारत ने एक बार फिर कबड्डी में अपनी ताकत साबित कर दी।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts