बहादुरी को सलाम : मनचले की धुनाई करने वालीं गुना की 'वफल वाली' बहनों को कलेक्टर-एसपी ने दी शाबाशी

गुना। शहर के संजय स्टेडियम के पास एबी रोड पर अपनी मेहनत और हिम्मत से महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल पेश करने वाली 'वफल वाली' बहनों के काउंटर पर जिले के दोनों शीर्ष अधिकारी कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक खुद पहुंचे। दरअसल पिता के निधन के बाद अपनी मां के सहयोग से बेल्जियम की मशहूर डिश वफल का स्टार्टअप शुरू करने वाली इन बहनों की दिलेरी की तारीफ करने और उन्हें सुरक्षित माहौल का भरोसा दिलाने के लिए जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और पुलिस अधीक्षक हितिका वासल स्वयं उनके कार्ट पर पहुंचे।
आत्मरक्षा का विश्वास जागा
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे सहित प्रशासन का अन्य अमला भी मौजूद रहा। अधिकारियों के इस दौरे ने न केवल इन साहसी बहनों का हौसला बढ़ाया, बल्कि शहर की अन्य युवतियों में भी बिजनेस और आत्मरक्षा को लेकर एक नया विश्वास पैदा किया है।
मनचले की हरकत पर बहनों ने सिखाया था सबक
दरअसल, यह पूरा मामला एक मनचले की बदतमीजी और उस पर युवतियों द्वारा दिखाए गए अदम्य साहस से जुड़ा है। रोजाना की तरह बहनें संजय स्टेडियम के पास अपनी वफल कार्ट पर थीं। इसी दौरान पास के पार्क में एक नशेड़ी और मनचले व्यक्ति ने वहां बैठी एक छोटी बच्ची के साथ छेड़छाड़ कर उसे गंदे इशारे करते हुए उसका पीछा करने लगा। डरी-सहमी बच्ची भागकर वफल काउंटर पर मौजूद बड़ी बहन पूजा के पास पहुंची।
ये भी पढ़ें: भोपाल में कांग्रेस का लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह: दिग्विजय सिंह ने उठाए राम मंदिर ट्रस्ट और चुनाव आयोग पर सवाल
बहनों से भी अभद्रता करने लगा था मनचला
जब पूजा और उसकी बहनों ने उस मनचले को इस हरकत के लिए टोका और विरोध किया, तो वह उलझ गया और युवतियों के साथ भी सरेराह गाली-गलौज व अभद्रता करने लगा। मनचले की इस गुंडागर्दी के आगे घुटने टेकने के बजाय चारों बहनों ने एकजुट होकर मोर्चा संभाला और उसकी बीच सडक पर जमकर धुनाई कर दी। बहनों द्वारा मनचले को सबक सिखाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हुआ। जाते-जाते आरोपी ने उन्हें देख लेने की धमकी दी थी, जिसके बाद बहनों ने कैंट थाने पहुंचकर शिकायती आवेदन दर्ज कराया था।
अधिकारियों ने थपथपाई पीठ, सुरक्षित माहौल का दिया आश्वासन
चारों बहनों द्वारा अपनी सुरक्षा और सम्मान के लिए उठाए गए इस साहसी कदम की गूंज जब प्रशासनिक गलियारों तक पहुंची, तो खुद कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और एसपी हितिका वासल मामले का संज्ञान लेने उनके वफल काउंटर पर पहुंच गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने युवतियों और उनकी मां से काफी देर तक आत्मीय संवाद किया और पूरी घटना की जानकारी ली। पूजा और उसकी बहनों ने अधिकारियों को बताया कि इस मनचले के अलावा आसपास के कुछ अन्य ठेले वाले भी उन्हें आए दिन परेशान करने की कोशिश करते हैं। कलेक्टर और एसपी ने बहनों की इस दिलेरी की पीठ थपथपाते हुए कैंट पुलिस को आरोपी के खिलाफ त्वरित और सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: Nagpur Rape Case : काला जादू और सम्मोहन के पानी का खुलेगा रहस्य, धर्मांतरण कर निकाह कराने वाला मप्र का मौलवी अरेस्ट
बिजनेस स्पॉट पर मिलेग भयमुक्त वातावरण
गुना के इतिहास में पहली बार युवतियों ने रूढ़ियों को तोड़कर इस तरह का नया काम शुरू किया है, जो शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक चलता है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह है कि इन बहनों के हौसले मजबूत रहें और इन्हें देखकर अन्य लड़कियां भी बिना किसी झिझक के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे आ सकें। हमने उन्हें आश्वस्त किया कि शहर के हर बिजनेस स्पॉट पर महिलाओं के लिए पूरी तरह सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मुहैया कराया जाएगा और किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
किशोर कन्याल, कलेक्टर गुना












