Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कोयंबटूर गैंगरेप केस :एनकाउंटर के बाद तीनों आरोपी गिरफ्तार, एयरपोर्ट के पास कॉलेज स्टूडेंट से की थी दरिंदगी

Follow on Google News
एनकाउंटर के बाद तीनों आरोपी गिरफ्तार, एयरपोर्ट के पास कॉलेज स्टूडेंट से की थी दरिंदगी
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    कोयंबटूर/बेंगलुरु। तमिलनाडु के कोयंबटूर में कॉलेज स्टूडेंट से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार देर रात पुलिस ने एनकाउंटर के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक, ये आरोपी भागने की फिराक में थे और पुलिस टीम पर हमला कर रहे थे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें तीनों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर कोयंबटूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

    CCTV फुटेज से मिला सुराग

    कोयंबटूर पुलिस ने बताया कि, CCTV फुटेज की जांच के बाद आरोपियों के वेल्लिकिनारु इलाके में छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस की टीम ने देर रात इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। जब पुलिस ने उन्हें घेरा तो तीनों ने हथियार से हमला कर भागने की कोशिश की। मुठभेड़ में एक हेड कॉन्स्टेबल घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस को जवाबी फायरिंग करनी पड़ी।

    पुलिस ने बताया कि, तीनों आरोपियों की पहचान गुना, करुप्पासामी, और कार्तिक उर्फ कालीस्वरन के रूप में हुई है। सभी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं और पुलिस की निगरानी में हैं।

    एयरपोर्ट के पास कार से अगवा कर की दरिंदगी

    यह वारदात 2 नवंबर की रात करीब 11 बजे की है। पीड़ित 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा अपने एक दोस्त के साथ कार में बैठी थी। तभी तीन आरोपी अपनी गाड़ी में आए और उन्होंने कार का शीशा तोड़ दिया। उन्होंने छात्रा के दोस्त पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपियों ने छात्रा को जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बैठाया और सुनसान जगह पर ले जाकर गैंगरेप किया।

    पीड़ित के दोस्त को जब होश आया तो उसने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने रातभर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता घायल अवस्था में मिली।

    दोषियों को फांसी देने की मांग

    घटना के बाद पूरे तमिलनाडु में लोगों में आक्रोश है। विपक्षी पार्टियों ने राज्य की सत्तारूढ़ DMK सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। भाजपा और अन्य दलों ने कोयंबटूर समेत कई जिलों में प्रदर्शन किए और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की।

    भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि यह इलाका शहर से बहुत दूर नहीं है। पुलिस को पहले से ऐसे इलाकों की निगरानी करनी चाहिए थी, जो अब असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बन चुके हैं।

    विपक्ष का सरकार पर हमला

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि, डीएमके सरकार के आने के बाद तमिलनाडु में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की संख्या बढ़ी है। अपराधियों को अब कानून का डर नहीं है क्योंकि उन्हें राजनीतिक संरक्षण मिलता है।

    उन्होंने मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन पर निशाना साधते हुए कहा कि, इस घटना के बाद सीएम को शर्म से सिर झुका लेना चाहिए। यह सिर्फ एक लड़की के खिलाफ अपराध नहीं, बल्कि तमिलनाडु की हर महिला की सुरक्षा पर हमला है।

    घटना के बाद पुलिस ने उठाए जरूरी कदम

    कोयंबटूर सिटी पुलिस कमिश्नर सरवण सुंदर ने कहा कि फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और जांच जारी है। उन्होंने बताया कि पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट आ चुकी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने इस घटना के बाद महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस बल की गश्त बढ़ाने और रात के समय संवेदनशील इलाकों में CCTV निगरानी को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts