Cockroach Janata Party:5 दिन में 63 लाख फॉलोअर्स, इंस्टाग्राम पर BJP को दे रही टक्कर

देश में सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) तेजी से चर्चा में है। कथित तौर पर CJI सूर्यकांत के बयान को लेकर शुरू हुई इस डिजिटल मुहिम ने महज 5 दिनों में लाखों लोगों का ध्यान खींच लिया है। बुधवार शाम तक पार्टी के इंस्टाग्राम पर 63 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके थे जबकि X पर यह आंकड़ा करीब 1.26 लाख तक पहुंच गया। तुलना करें तो इंस्टाग्राम पर भाजपा के करीब 87 लाख और कांग्रेस के लगभग 1.32 करोड़ फॉलोअर्स हैं।
क्या है पूरा मामला?
15 मई को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि CJI सूर्यकांत ने एक सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच और परजीवी जैसे शब्दों से की थी। हालांकि अगले ही दिन CJI ने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया था। लेकिन सोशल मीडिया पर यह मुद्दा तेजी से वायरल हो गया और इसी के विरोध में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बना दिया गया।
कौन है पार्टी का संस्थापक?
यह पार्टी महाराष्ट्र के अभिजीत दीपके ने बनाई है। वे अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन की मास्टर डिग्री कर रहे हैं। अभिजीत 2020 से 2023 तक आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम में वॉलंटियर भी रह चुके हैं। उन्होंने BBC को दिए इंटरव्यू में कहा कि सोशल मीडिया पर युवाओं की प्रतिक्रिया देखने के बाद उन्हें लगा कि एक ऐसा प्लेटफॉर्म बनाया जाए जहां युवा अपनी बात खुलकर रख सकें।
ये भी पढ़ें: Toffee Tale: 12 साल में 166% बढ़ा भारत का टॉफी एक्सपोर्ट, दुनिया में बढ़ी भारतीय मिठास की मांग
पार्टी का नारा भी वायरल
कॉकरोच जनता पार्टी का नारा ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी’ है। सोशल मीडिया पर यह टैगलाइन और पार्टी का मीम-स्टाइल प्रचार काफी वायरल हो रहा है।
सदस्यता के लिए बताई गईं 4 योग्यताएं
पार्टी ने सदस्यता के लिए चार शर्तें भी बताई हैं:
- बेरोजगार होना
- आलसी होना
- ऑनलाइन रहने की आदत
- प्रोफेशनल तरीके से भड़ास निकालने की क्षमता
मैनिफेस्टो में किए कई बड़े दावे
कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर अपना मैनिफेस्टो भी जारी किया है। इसमें कई बड़े और विवादित वादे किए गए हैं।
- रिटायरमेंट के बाद किसी CJI को राज्यसभा नहीं भेजा जाएगा
- वोट डिलीट करने पर चुनाव आयोग के अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी
- महिलाओं को 50% आरक्षण दिया जाएगा
- बड़े मीडिया हाउसों की निष्पक्षता की जांच होगी
- दलबदल करने वाले नेताओं पर लंबे समय तक चुनाव लड़ने पर रोक लगेगी
ये भी पढ़ें: PM Modi Italy Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विदेश दौरा, बोले-भारत और इटली एक दूसरे के विकास में सहयोग करेंगे
सोशल मीडिया पर क्यों वायरल हो रही CJP?
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पूरी मुहिम Gen Z और युवा इंटरनेट यूजर्स की डिजिटल राजनीति और मीम कल्चर का नया उदाहरण बन गई है। कम समय में लाखों फॉलोअर्स जुड़ना दिखाता है कि सोशल मीडिया अब सिर्फ मनोरंजन का प्लेटफॉर्म नहीं बल्कि राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाओं का बड़ा माध्यम भी बन चुका है।












