CM शिवराज ने 'विकास रथों' को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, कहा- हम अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जा रहे जनता के बीच

भोपाल। मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी अब चुनावी मोड में आ चुकी है। बीजेपी द्वारा जन-आशीर्वाद यात्राओं की शुरुआत हो चुकी है। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को सीएम हाउस से 40 विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया। इन विकास रथ की थीम 'विकास किया है विकास करेंगे' रखी गई है। विकास रथों पर लगी एलसीडी के माध्यम से जिले में किए गए विकास कार्यों तथा गरीब कल्याण के प्रयासों को लघु फिल्म के जरिए से दिखाया जाएगा।
इस दौरान बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा, भोपाल महापौर मालती राय, पूर्व महापौर आलोक शर्मा, भाजपा के जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी समेत आदि नेता मौजूद रहे।
देश के 5 विकसित राज्यों में शामिल किया मप्र : सीएम
विकास रथों की रवानगी से पहले सीएम शिवराज ने अपने संबोधन में कहा कि जनता से यही प्रार्थना है कि हमने आपकी सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी है और मुझे विश्वास है कि आपका आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी को जरूर मिलेगा। जिस मध्य प्रदेश को कांग्रेस ने तबाह और बर्बाद कर दिया था। जिस मप्र का कांग्रेस की सरकार ने बंटाढार कर दिया था, यह बताते हुए मुझे खुशी है कि उस प्रदेश को भाजपा की सरकार ने विकसित बनाकर अग्रपंक्ति में खड़ा कर दिया है। देश के 5 विकसित एवं अग्रणी राज्यों में शामिल किया है।





















