भोपाल:स्लम के छोटे से घर पहुंचकर CM मोहन यादव ने बढ़ाया स्टेट टॉपर चांदनी का हौसला, बोले- पढ़ाई की चिंता मत करो

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को भोपाल के भीमनगर स्लम एरिया पहुंचे जहां उन्होंने एमपी बोर्ड की स्टेट टॉपर चांदनी विश्वकर्मा और उनके परिवार से मुलाकात की। चांदनी ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 500 में से 500 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। भीमनगर के स्लम इलाके में एक कमरे के कच्चे मकान में रहने वाली चांदनी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी पढ़ाई और भविष्य को लेकर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। साथ ही उन्होंने परिवार की आवास समस्या को भी गंभीरता से लेते हुए नया घर बनवाने या पुराने मकान की मरम्मत करवाने की बात कही।
कठिन परिस्थितियों में भी बनाई अलग पहचान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चांदनी विश्वकर्मा ने बेहद कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों की उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा हैं। CM ने कहा कि मैं आज खास तौर पर चांदनी के घर आया हूं। 12वीं बोर्ड परीक्षा में 500 में 500 अंक हासिल करना असाधारण उपलब्धि है। सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ हमेशा खड़ी है।
ये भी पढ़ें: कटनी में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित हाइवा की टक्कर से यात्री बस पलटी, तीन की मौत; 29 घायल
सेना में लेफ्टिनेंट बनना चाहती हैं चांदनी
स्टेट टॉपर चांदनी विश्वकर्मा ने बताया कि उनका सपना भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने का है। मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि मुख्यमंत्री खुद उनके घर आएंगे। चांदनी ने कहा यह मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगे की पढ़ाई की चिंता करने की जरूरत नहीं है सरकार हर कदम पर साथ रहेगी।
ये भी पढ़ें: TMC से बगावत, NDA को समर्थन : 20 सांसदों ने छोड़ा ममता का साथ, NCPI में विलय; एक फैसले से बदल गया संसद का गणित
परिवार ने बताई घर की परेशानी
चांदनी के माता-पिता ने मुख्यमंत्री के सामने परिवार की आर्थिक और आवास संबंधी परेशानियां भी रखीं। उन्होंने बताया कि छोटा सा घर होने की वजह से पूरे परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। परिवार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याएं ध्यान से सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।












