कटनी में भीषण सड़क हादसा:अनियंत्रित हाइवा की टक्कर से यात्री बस पलटी, तीन की मौत; 29 घायल

कटनी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस पलट गई और कई यात्री उसमें फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इंडस्ट्रियल एरिया ब्रिज के पास हुआ हादसा
कुठला थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया ब्रिज के पास रविवार दोपहर यह भीषण सड़क दुर्घटना हुई। यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा ने यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस पलट गई। इस भीषण हादसे में दो पुरुष और एक महिला समेत तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लगभग 29 यात्री घायल हुए हैं।
ये भी पढ़ें: कटनी : नहाने के दौरान तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, नरसिंहपुर में दो युवक नर्मदा में डूबे
मौके पर पहुंची तीन थानों की पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो यात्री सीधे बस के नीचे दब गए, जबकि एक यात्री ट्रक के मलबे में फंस गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस और प्रशासनिक टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन और अन्य उपकरणों का उपयोग कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यात्री बस कन्हवारा की ओर जा रही थी, तभी कटनी की तरफ से आ रहे ट्रक के अचानक ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया और सीधे बस से जा भिड़ा। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई थीं। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें: सिवनी में बाघ का आतंक: अलग-अलग हमलों में दो महिलाओं की मौत, मुआवजा और सुरक्षा बढ़ाने की मांग
पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद
डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से कुछ की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल और घटना स्थल पर मौजूद हैं। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त और पहचान की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की जांच के साथ दुर्घटना के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या दुर्घटना ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण हुई लग रही है। बस में सवार सभी यात्रियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में दो पुरुष और एक महिला की मौत हुई है।












