इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

झाबुआ : CM ने खुद को नववधुओं का भाई बताते हुए कहा- यहां शादियों का महासागर नजर आ रहा, जोड़ों पर की पुष्प वर्षा

झाबुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज झाबुआ में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में सहभागिता कर नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत राशि के चेक भी प्रदान किए। सीएम ने समारोह को एक अद्भुत आयोजन बताया। उन्होंने स्वयं को नववधुओं का भाई बताते हुए कहा कि यहां शादियों का महासागर नजर आ रहा है। आदिवासी समाज में इस आयोजन को लेकर बड़ा उत्साह और उमंग देखने को मिला।

सीएम ने वर-वधुओं पर की पुष्प वर्षा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव झाबुआ पहुंचने पर खुली जीप में सवार होकर विवाह स्थल पहुंचे और नवविवाहित जोड़ों को पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कन्याओं का पूजन भी किया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला, मंत्री विजय शाह, नागर सिंह चौहान, सांसद अनीता चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया आदि ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा उन्हें तीर कमान भेंट की।

49 हजार की सहायता राशि

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सोलह श्रृगारों में विवाह भी एक संस्कार है। ये दो परिवारों का मिलन है। उन्होंने कहा कि सात फेरों को लेकर सात जन्मों तक का साथ रहे ऐसी कामना करते हैं। आज इस विवाह में निकाह भी संम्पन्न हुए। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस सामूहिक विवाह आयोजन पर सरकार की ओर से 11 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 49 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने प्रतीक स्वरूप एक जोड़े को सहायता राशि का चेक भी प्रदान किया।

झाबुआ में जल्द खुलेगा मेडिकल कॉलेज

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने झाबुआ में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की, जिसे देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के माध्यम से संचालित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि रानापुर विकासखंड में तालाबों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि जल संरक्षण को बढ़ावा मिले।

विकास कार्यों और योजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों और युवाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है। लाड़ली बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता, किसानों को सम्मान निधि, और विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन राज्यों में विपक्ष की सरकार है, वहां कर्मचारियों को वेतन तक नहीं मिल पा रहा, जबकि मध्यप्रदेश में योजनाओं का सफल क्रियान्वयन हो रहा है।

अलीराजपुर के मालवाई में भी हुआ बड़ा आयोजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव झाबुआ के बाद अलीराजपुर जिले के मालवाई पहुंचे, जहां 1300 से अधिक जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। उन्होंने यहां भी नवदंपतियों को शुभकामनाएँ दीं और उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिए जाने की घोषणा की।

संबंधित खबरें...

Back to top button