सांसद बंटी विवेक साहू ने बैठक में रेलवे अफसरों के सामने रखे प्रस्ताव, छिंदवाड़ा को मुंबई, पुणे और कोलकाता से जोड़ने की मांग

छिंदवाड़ा। शनिवार को हुई बैठक में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के क्षेत्र में आने वाले जिलों के सांसद और प्रतिनिधि शामिल हुए। सांसद बंटी विवेक साहू ने छिंदवाड़ा और पांढुर्णा के रेलवे स्टेशनों में सुविधाएं बढ़ाने के साथ ही नई ट्रेनें शुरू करने और मौजूदा ट्रेनों का विस्तार करने के प्रस्ताव रखे। उन्होंने छिंदवाड़ा को मुंबई, पुणे, कोलकाता और पूर्व के अन्य महानगरों से सीधे रेल सेवा से जोड़ने की मांग भी रखी।
मुंबई, पुणे और कोलकाता से जोड़ने का प्रस्ताव
बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू ने छिंदवाड़ा को महानगरों से जोड़ने के लिए ट्रेनों का विस्तार करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन तक ट्रेनों का विस्तार करते हुए इसे मुंबई, पुणे और कोलकाता से जोड़ा जाए। उन्होंने टाटानगर-इतवारी और चित्रकूट एक्सप्रेस ट्रेन को छिंदवाड़ा तक करने के संबंध में सुझाव रखा।
ये भी पढ़ें: सागर जहरीली शराब कांड: ग्वालियर से दिल्ली तक जुड़े तार, नकली शराब बनाने का सामान और मशीनें जब्त
टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस के विस्तार की मांग
सांसद ने कहा कि टाटानगर-इतवारी के बीच चलने वाली टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस टाटानगर से चलकर इतवारी स्टेशन सुबह 5 बजे पहुंचती है और 17 घंटे 5 मिनट रुककर वापस रात्रि 12.05 बजे पर टाटानगर के लिए निकलती है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस ट्रेन को इतवारी, नागपुर से बढ़ाकर छिंदवाड़ा तक किया जाए, ताकि जिले के रेल यात्रियों को कोलकाता और अन्य पूर्वी शहरों तक की सीधी रेल सुविधा मिल सके।
जिलेवासियों को नागपुर और टाटानगर तक सीधी सुविधा
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि टाटानगर-इतवारी एवं चित्रकूट एक्सप्रेस ट्रेन को छिंदवाड़ा तक बढ़ाने से नागपुर और जबलपुर में खड़े रहने वाले रैकों का सदुपयोग हो सकेगा। साथ ही जिलेवासियों को नागपुर, रायपुर, टाटानगर, कोलकाता तक रेल से आवागमन की सुविधा भी मिलेगी। इससे छिंदवाड़ा को पूर्व के महानगरों से सीधे जोड़ने में मदद मिलेगी।
गतिशक्ति योजना के लंबित कार्य जल्द कराने की मांग
बैठक में सांसद ने गतिशक्ति योजना के लंबित प्रगतिशील कार्यों को जल्द कराने की मांग भी रखी। उन्होंने छिंदवाड़ा और पांढुर्णा के रेलवे स्टेशनों में सुविधाएं बढ़ाने के साथ ही रेल यात्रियों को बेहतर सहूलियत उपलब्ध कराने से जुड़े विषय वरिष्ठ रेल अधिकारियों के सामने रखे।
ये भी पढ़ें: सिंगरौली के एस्सार पावर मामले में हाईकोर्ट का फैसला, पुनर्वास लाभ की मांग वाली याचिका खारिज
रेलवे के उच्च अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में नागपुर मंडल के रेल महाप्रबंधक सहित रेलवे के उच्च अधिकारी शामिल हुए। सांसद ने कहा कि इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा परिचालित की जा रही है और गाड़ियों का विस्वारीकरण एक नीतिगत विषय है, जो संबंधित रेलवे और रेलवे बोर्ड के क्षेत्राधिकार में है। बैठक में जोनल रेलवे सदस्य और सांसद प्रतिनिधि सत्तेन्द्र ठाकुर और रेलवे सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य व भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला प्रमुख रूप से मौजूद थे।



















