छिंदवाड़ा:₹7.47 लाख का बिजली बिल बकाया, पंप की लाइन कटी; पनारा गांव में पानी का संकट

छिंदवाड़ा। ग्राम पंचायत पर ₹7,47,912 का बिजली बिल बकाया है, जिसके चलते पेयजल पंप की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। ग्रामीणों ने जल्द भुगतान कर बिजली बहाल करने की मांग की है।
बिजली बिल बकाया होने से कटा पेयजल पंप का कनेक्शन
तहसील जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत पनारा में पंचायत द्वारा लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किए जाने के कारण बिजली विभाग ने खंती नंबर-6 स्थित पेयजल पंप की विद्युत आपूर्ति काट दी है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पर ₹7,47,912 का बिजली बिल बकाया है। विभागीय कर्मचारियों ने बताया कि भुगतान नहीं होने के चलते करीब दो दिन पहले कनेक्शन काट दिया गया था।
नगर निगम की वोटर लिस्ट से 2.78 लाख नाम कम: अब 16.61 लाख मतदाता बचे
ग्रामीणों ने जताई पेयजल संकट की चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि अगर पेयजल पंप बंद रहा तो पूरे गांव में पानी की समस्या खड़ी हो जाएगी। उनका आरोप है कि समय पर बिजली बिल का भुगतान नहीं किए जाने का खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा प्रभावित होना चिंता का विषय है।
प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि बकाया बिजली बिल का जल्द भुगतान कराया जाए और पेयजल पंप की बिजली सप्लाई जल्द बहाल की जाए। ग्रामीणों ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
सरपंच बोले- डीएससी वेरीफाई नहीं होने से रुका भुगतान
पनारा ग्राम पंचायत के सरपंच गणेश सरेआम ने बताया कि ग्राम पंचायत के सचिव की डीएससी (डिजिटल सिग्नेचर) वेरीफाई नहीं होने के कारण भुगतान में देर हुई है। सचिव का ट्रांसफर होने से प्रक्रिया अटक गई थी। उन्होंने कहा कि डीएससी चालू होते ही बकाया राशि का भुगतान कर विद्युत सेवा बहाल करा दी जाएगी।
Edited By: Rohit Sharma












