Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'तुम्हारे ठाकुर जी तीन जगह से टेढ़े...', भगवान कृष्ण पर टिप्पणी कर फंसे धीरेंद्र शास्त्री; कथाओं के बहिष्कार की मांग

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। दामोदर यादव ने विरोध जताते हुए सनातनियों और यादव समाज से उनकी कथाओं के बहिष्कार की अपील की है।
'तुम्हारे ठाकुर जी तीन जगह से टेढ़े...', भगवान कृष्ण पर टिप्पणी कर फंसे धीरेंद्र शास्त्री; कथाओं के बहिष्कार की मांग

भोपाल। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिया गया एक बयान विवादों में आ गया है। करेरा में कथा के दौरान उन्होंने भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए कुछ ऐसी टिप्पणियां कीं, जिन पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। वायरल वीडियो में वह भगवान कृष्ण की खड़े होने की मुद्रा, बांसुरी बजाने के अंदाज और वृंदावन धाम का जिक्र करते सुनाई दे रहे हैं। इस बयान पर दामोदर यादव ने विरोध जताते हुए सनातनियों और यादव समाज के लोगों से धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं का बहिष्कार करने की अपील की है। वहीं, कुछ सोशल मीडिया यूजर्स वीडियो को संदर्भ से काटकर पेश करने का आरोप लगाते हुए उनका बचाव भी कर रहे हैं।

'तुम्हारे वाले ठाकुर जी तीन जगह से टेढ़े...' बयान पर विवाद

करेरा में कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करते हुए कहा कि भगवान कृष्ण तीन जगह से टेढ़े हैं। उन्होंने कृष्ण की मुद्रा का जिक्र करते हुए कहा, 'तुम्हारे ठाकुर जी हर फोटो में इधर-उधर देखते नजर आते हैं। खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े। पांव के ऊपर पांव, कमर कहीं लचकाएं। फिर टेढ़ी गर्दन करके बंसी बजाते हैं।' इसके उलट उन्होंने अपने आराध्य भगवान राम के बारे में कहा कि वे सीधे खड़े होते हैं, उनका नाम भी सीधा है और उनका चलना भी सीधा है। उन्होंने श्रीकृष्ण के नाम और उनकी मुद्रा को भी टेढ़ा बताया। इसी तुलना में इस्तेमाल किए गए शब्दों और अंदाज को लेकर विवाद शुरू हो गया।

X Post

अयोध्या और वृंदावन की भी की तुलना

धीरेंद्र शास्त्री ने आगे कहा कि उनके भगवान का धाम भी सीधा यानी अयोध्या है, जबकि श्रीकृष्ण का धाम वृंदावन है। उन्होंने वृंदावन शब्द पर जोर देते हुए अपने दोनों हाथ फैलाए। इसके बाद उन्होंने बांसुरी और धनुष का जिक्र करते हुए गाना गाया। उन्होंने कहा, 'बंसी का बजाना तो खेल भी है, लेकिन धनुष चलाना कोई खेल नहीं।' आगे मंच पर बांसुरी बजा रहे एक कलाकार की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि बांसुरी तो यहां मौजूद व्यक्ति भी बजा रहा है। उन्होंने कथा में मौजूद लोगों से कहा कि आज ठाकुर जी की भी जय-जयकार हो रही है और राम जी के साधक भी इससे खुश होंगे। उनके इस पूरे संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दामोदर यादव ने की कथाओं के बहिष्कार की अपील

धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर दामोदर यादव ने नाराजगी जताई है। उन्होंने सनातन धर्म को मानने वाले लोगों और यादव समाज से उनकी कथाओं का बहिष्कार करने की अपील की। यादव ने पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करने और पुतले जलाने की भी अपील की। उन्होंने अपने बयान में कहा कि जरूरत पड़ने पर धीरेंद्र शास्त्री को खुद भी सुधारने की कोशिश की जाए। इस बयान के बाद विवाद और बढ़ गया है।

Baba Bageshwar

सनातन एकता यात्रा और कथाओं पर भी उठाए सवाल

दामोदर यादव ने धीरेंद्र शास्त्री की सनातन एकता यात्रा और उनकी कथाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी कथाएं और यात्रा फ्लॉप हो रही हैं, जिसके चलते वे फ्रस्ट्रेशन में इस तरह के बयान दे रहे हैं। यादव ने कहा कि अगर धीरेंद्र शास्त्री को मीडिया में चर्चा में रहने का शौक है तो उन्हें कुछ बेहतर काम करने चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि ऐसा नहीं करने पर उन्हें सुधार दिया जाएगा।

सोशल मीडिया पर भी बंटी लोगों की राय

वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स धीरेंद्र शास्त्री की भाषा और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी की आलोचना कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि ऐसे लोगों को सम्मान दिया जाता है। वहीं, कुछ यूजर्स ने उनका बचाव भी किया है। एक यूजर ने वीडियो को ट्रिम करके विवाद बढ़ाने का आरोप लगाते हुए लिखा कि इसमें भगवान राम और श्रीकृष्ण की प्रशंसा ही की जा रही है। फिलहाल इस बयान पर विवाद जारी है। वायरल वीडियो को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts