सोहागपुर में 6 नवंबर से लगेगा पटाखा बाजार, दुकानों के बीच 3 मीटर की दूरी अनिवार्य; प्रशासन ने दी चेतावनी

सोहागपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए सोहागपुर में पटाखा बाजार लगाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 6 नवंबर से उपमंडी परिसर में पटाखा बाजार लगाया जाएगा। रविवार शाम नगर परिषद अध्यक्ष लता यशवंत पटेल, एसडीएम डॉ. बबीता राठौर और एसडीओपी अरविंद शाह ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों की व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और साफ-सफाई का जायजा लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक दुकान के बीच कम से कम 3 मीटर की दूरी रखनी होगी और सुरक्षा इंतजामों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दुकानों के बीच रहेगी 3 मीटर की दूरी, फायर ब्रिगेड तैनात
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नगर परिषद की राजस्व शाखा के प्रभारी संजय परसाई से पटाखा दुकानों की संख्या और प्रस्तावित व्यवस्था की जानकारी ली। एसडीएम डॉ. बबीता राठौर ने राजस्व निरीक्षक को व्यवस्थित दुकान लेआउट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुकानों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त चौड़ाई वाला रास्ता रखा जाए, ताकि आपात स्थिति में आवागमन बाधित न हो। सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक दुकान के बीच कम से कम 3 मीटर की दूरी रखना अनिवार्य होगा। दुकानदारों को पानी, रेत और अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था भी करनी होगी। निर्धारित सीमा से अधिक पटाखों का भंडारण नहीं किया जा सकेगा। दुकानों में ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल और प्रतिबंधित श्रेणी के पटाखों की बिक्री पर भी रोक रहेगी।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि एक लाइसेंस पर केवल एक दुकान लगाने की अनुमति होगी। सभी दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के लिए जरूरत पड़ने पर दुकानों का आकार छोटा किया जा सकता है। पटाखा बाजार में नगर परिषद की फायर ब्रिगेड पूरे समय तैनात रहेगी।
अस्थाई लाइसेंस पर सालभर पटाखे बेचे तो होगी कार्रवाई
एसडीओपी अरविंद शाह ने स्पष्ट किया कि दीपावली के लिए जारी अस्थाई लाइसेंस के आधार पर कोई भी व्यापारी पूरे साल पटाखों की बिक्री नहीं कर सकता। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से दीपावली के अवसर पर पटाखा दुकानदारों को 15 दिनों के लिए अस्थाई लाइसेंस जारी किया जाता है। इस अवधि में ही निर्धारित दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों के तहत पटाखे बेचने की अनुमति रहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि अस्थाई लाइसेंस की आड़ में सालभर पटाखे बेचने की शिकायत मिलने या ऐसा करते हुए कोई व्यक्ति पाए जाने पर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसडीओपी के मुताबिक, फिलहाल क्षेत्र में किसी के पास सालभर पटाखों का भंडारण और बिक्री करने का स्थाई लाइसेंस नहीं है।
दीपावली के बाद बाजार व्यवस्थापन की भी तैयारी
पटाखा बाजार के साथ दीपावली से जुड़ी अन्य सामग्री की दुकानें भी उपमंडी परिसर में लगाने की संभावना पर चर्चा की गई। इसके अलावा नगर के मुख्य बाजार में यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर भी अधिकारियों ने विचार-विमर्श किया। त्योहारी सीजन में दुकानों के बाहर सामान रखने और बेतरतीब पार्किंग के कारण बाजार में जाम की स्थिति बनती है। इस समस्या को लेकर कुछ व्यापारियों ने हाल ही में रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा था। उन्होंने बाजार व्यवस्थापन की मांग करते हुए सुझाव दिए थे।

निरीक्षण के दौरान एसडीओपी अरविंद शाह ने नगर परिषद के राजस्व शाखा प्रभारी संजय परसाई को बाजार निरीक्षण के समय नगर परिषद की ट्रैक्टर-ट्रॉली साथ रखने के निर्देश दिए। वहीं संजय परसाई ने दीपावली के बाद छोटे व्यापारियों को ध्यान में रखते हुए बाजार व्यवस्थापन की कार्रवाई करने का अनुरोध अधिकारियों के सामने रखा। अधिकारियों ने कहा कि नियम सभी व्यापारियों के लिए समान रहेंगे। किसी को भी दुकान की निर्धारित सीमा से बाहर सड़क पर सामान रखने की अनुमति नहीं होगी। इससे रास्ते संकरे होते हैं और यातायात प्रभावित होता है। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष लता यशवंत पटेल, एसडीएम डॉ. बबीता राठौर, एसडीओपी अरविंद शाह के साथ भाजपा नेता यशवंत पटेल, राजेश शुक्ला, पटाखा व्यापारी कमलेश प्रजापति और दीपक साहू सहित नगर परिषद के कर्मचारी मौजूद रहे।




















