दमोह में खेत देखने गए किसान पर भालू का हमला, पैर में किए कई वार; वन विभाग ने इलाज का खर्च उठाने का दिया भरोसा

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में खेत में खड़ी फसल देखने पहुंचे एक किसान पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में किसान के पैर में कई जगह गंभीर घाव हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू वहां से भाग गया। घायल किसान को पहले मड़ियादो स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हटा सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। वन विभाग ने किसान को आर्थिक सहायता देने के साथ ही आगे के इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन दिया है।
फसल देखने गए थे किसान, अचानक सामने आ गया भालू
घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे पन्ना टाइगर रिजर्व के मड़ियादो बफर जोन के कारीबरा गांव की है। घायल किसान बबलू गौंड (50) के मुताबिक, वे रोजाना की तरह अपने खेत में खड़ी फसल देखने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक एक भालू उनके सामने आ गया और हमला कर दिया। भालू ने किसान के पैर पर कई जगह काट लिया। हमले से घबराए बबलू ने मदद के लिए शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख भालू वहां से भाग गया।
मड़ियादो से हटा सिविल अस्पताल किया रेफर
ग्रामीणों ने घायल किसान को तत्काल मड़ियादो स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हटा सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
बीट गार्ड रामगोपाल अहिरवार के मुताबिक, भालू अपने परिवार के साथ खेत की ओर से गुजर रहा था। इसी दौरान किसान को देखकर उसने हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी अस्पताल पहुंचे और घायल किसान से जानकारी ली। वन विभाग की ओर से किसान को आर्थिक सहायता दी गई है। साथ ही आगे के इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन भी दिया गया है। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है।




















