Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छिंदवाड़ा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 19 सागौन लट्ठों से भरी पिकअप और बोलेरो जब्त

छिंदवाड़ा में वन विभाग ने सागौन की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 19 लट्ठों से भरी पिकअप और बोलेरो जब्त की।
Follow on Google News
छिंदवाड़ा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 19 सागौन लट्ठों से भरी पिकअप और बोलेरो जब्त
छिंदवाड़ा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

वन विभाग ने सागौन की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को पकड़ा गया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। वन विभाग ने पिकअप वाहन से 19 नग सागौन के लट्ठे, करीब 2 घनमीटर लकड़ी बरामद की है। इसके अलावा बोलेरो वाहन से लकड़ी काटने में इस्तेमाल होने वाले दो हाथ आरे भी मिले हैं।

मुखबिर की सूचना पर बनाई गई दो टीमें

वन विभाग को 22 और 23 अगस्त की दरमियानी रात मुखबिर से जंगल से सागौन की लकड़ी की अवैध तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सहायक वन संरक्षक, छिंदवाड़ा क्षेत्र और परिक्षेत्र अधिकारी कुंभपानी बफर के निर्देशन में वन विभाग के कर्मचारियों की दो टीमें बनाई गईं। दोनों टीमें चारगांव-बोरडी मार्ग और मोया-चारगांव मार्ग पर गश्त कर रही थीं।

जोपपार नाला क्षेत्र में पिकअप को घेरा

गश्त के दौरान चारगांव बीट के कक्ष क्रमांक 1498 स्थित जोपपार नाला क्षेत्र में टीम को एक चारपहिया वाहन आता दिखाई दिया। वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। वाहन में मौजूद चालक और अन्य व्यक्ति कर्मचारियों को देखकर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी में पिकअप वाहन क्रमांक MP28ZE6276 में अवैध रूप से रखे 19 नग सागौन के लट्ठे बरामद हुए। वन विभाग के मुताबिक बरामद सागौन की लकड़ी की मात्रा करीब 2.00 घनमीटर है।

बोलेरो में मिले दो हाथ आरे

इसी दौरान दूसरे गश्ती दल ने चारगांव से मोया मार्ग पर एक सफेद रंग की बोलेरो को घेराबंदी कर रोका। बोलेरो में सवार दो व्यक्ति वाहन से कूदकर भाग गए, जबकि एक व्यक्ति को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गौरव रघुवंशी, निवासी गुमतरा के रूप में हुई। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें लकड़ी काटने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले दो हाथ आरे बरामद किए गए।

Raipur: राजधानी रायपुर में बारिश का कहर,सड़कें बनीं तालाब, जलनिकासी के दावों की खुली पोल

पूछताछ में सामने आए अन्य नाम

वन विभाग के अनुसार, पूछताछ में गौरव रघुवंशी ने बताया कि बोलेरो में उसके साथ गुमतरा निवासी स्वपनिल रघुवंशी और राहुल रघुवंशी जबकि खमरियामाल निवासी लक्ष्मणसिंह उर्फ दीपक चौरिया भी मौजूद था। गौरव के मुताबिक स्वपनिल रघुवंशी फोन पर किसी व्यक्ति से लकड़ी काटने और उसकी तस्करी को लेकर बात कर रहा था। वहीं दीपक रास्ते में सिलोटा-रैय्यतवाड़ी के पास बोलेरो से उतरकर इलाके की रैकी कर रहा था और फोन के जरिए जानकारी दे रहा था।

वाहनों और लकड़ी को किया जब्त

वन विभाग ने मौके पर कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन MP28TA0864 और पिकअप वाहन MP28ZE6276 को जब्त कर लिया। पिकअप से बरामद 19 सागौन लट्ठों को भी जब्ती में लिया गया है। मामले में पी.ओ.आर. क्रमांक 46076/22, दिनांक 23 अगस्त 2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की है।

शहडोल जिला अस्पताल की छत से टपक रहा पानी, मरीजों ने खुद लगाए पानी रोकने के बर्तन

फरार आरोपियों की तलाश जारी

प्रकरण में स्वपनिल रघुवंशी और राहुल रघुवंशी फरार बताए गए हैं। वन विभाग की टीम दोनों की तलाश कर रही है। कार्रवाई में वन परिक्षेत्र कुंभपानी और खमारपानी के कर्मचारी तथा सुरक्षा श्रमिक शामिल रहे।

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...Read More

Latest Posts