PU Special :विजयादशमी से विहिप सिखाएगा घर में रोज की पूजा-पाठ की विधि, एक करोड़ परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य

राजीव सोनी, भोपाल। विहिप पहली बार पंचोपचार पूजा की सरल और शास्त्रोक्त विधि समझाने के साथ घर के मंदिर में विराजे भगवान गणेश, विष्णु, राम-कृष्ण, दुर्गा और शिवजी की पूजा पद्धति की ट्रेनिंग देगा। अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष के दौरान यह कार्यक्रम देश के सभी राज्यों में एक साल तक चलाया जाएगा।
विजयादशमी से शुरू होगा अनूठा कार्यक्रम
विहिप की जयपुर केंद्रीय बैठक के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के साथ यह योजना भी हाथ में ली गई है। विजयादशमी 2026 से पूरे एक साल तक देश के सभी राज्यों में यह कार्यक्रम चलाया जाएगा और एक करोड़ परिवारों को अपने घर के भगवान की पूजा पद्धतियों की ट्रेनिंग दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: मप्र विद्युत नियामक आयोग का चेयरमैन बनने की दौड़ में अजीत केसरी, विनोद कुमार समेत कई पूर्व IAS
पंचोपचार पूजा की सरल विधि बताएंगे
कार्यक्रम के तहत घरों में रोज होने वाली पंचोपचार पूजा की सरल और शास्त्रोक्त विधि क्या हो, इसका प्रचार-प्रसार किया जाएगा। घर के मंदिर में विराजे भगवान गणेश, विष्णु, राम-कृष्ण, दुर्गा और शिवजी की पूजा करने की ट्रेनिंग भी परिवारों को दी जाएगी।
गोरक्षा और सामाजिक समरसता पर भी कार्यक्रम
विहिप ने इसके अलावा गोरक्षा, सामाजिक समरसता और मंदिरों के अर्चक, पुरोहितों को भी ट्रेनिंग देने का कार्यक्रम बनाया है। कई राज्यों में इन कार्यक्रमों को शुरू भी किया गया है। अब घर-परिवार में होने वाली नित्य पूजा की विधि को लेकर भी अनूठा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एक करोड़ परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य
मध्यप्रदेश सहित देश के सभी राज्यों में कार्यक्रम के जरिए एक करोड़ परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष के दौरान इन कार्यक्रमों को चलाया जाएगा और घर-घर तक रोज की पूजा की सरल विधि पहुंचाने की योजना है।
धार्मिक संस्कारों के संरक्षण पर जोर
प्रांत सह मंत्री भोपाल जितेंद्र चौहान ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम सनातनी परिवारों को जटिलताओं से दूर आसानी से अपनाई जाने वाली सरल पूजा पद्धति और धार्मिक संस्कारों की शिक्षा देना है। उन्होंने कहा कि एक साल तक चलने वाले इस कार्यक्रम से घर-घर तक शुद्ध धार्मिक आचरण पहुंचेंगे और संस्कारों का संरक्षण होगा।




















