रीवा में स्वामित्व योजना में लापरवाही पर 15 पटवारी निलंबित, कलेक्टर ने दिए कार्रवाई के निर्देश

रीवा। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर गुरुवार को संबंधित एसडीएम ने सभी 15 पटवारियों के निलंबन आदेश जारी किए। प्रशासन के अनुसार, तय समयसीमा बीतने के बाद भी जमीन और संपत्ति के सर्वे, भौतिक सत्यापन और डिजिटल अभिलेख तैयार करने के काम में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई।
संपत्ति अधिकार पत्र के लिए सौंपा गया था काम
प्रशासन के अनुसार, स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को संपत्ति का अधिकार पत्र यानी प्रॉपर्टी कार्ड सौंपने के लिए जमीन और संपत्ति का सर्वे, भौतिक सत्यापन और डिजिटल अभिलेख तैयार करने की जिम्मेदारी इन पटवारियों को दी गई थी। तय समयसीमा बीत जाने के बाद भी काम में प्रगति नहीं दिखी। अधिकारियों के अनुसार संबंधित पटवारियों को पहले भी कार्य में सुधार के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे।
ये भी पढ़ें: 21 दिन से स्वामित्व योजना का काम ठप; 24 हजार पटवारी सरकार से सीधे टकराव में, रीवा में 15 सस्पेंड
नोटिस के बाद भी नहीं आया अपेक्षित सुधार
प्रशासन के अनुसार, कारण बताओ नोटिस जारी होने के बावजूद संबंधित पटवारियों की कार्यशैली में कोई अपेक्षित बदलाव नहीं आया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना और काम में घोर लापरवाही को देखते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने साफ किया है कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
इन 15 पटवारियों पर हुई कार्रवाई
कार्रवाई की जद में बृजेश गुप्ता (लौवा लक्ष्मणपुर), अभिनव तिवारी (अमिरती), सौरभ सिंह (इटार पहाड़), आशीष पांडेय (उमरी), मधुर सिंह (मनिकवार), कौशल कोल (भौवार), इकबाल (व्योहरा) और प्रकाश सोनी (रौरा) शामिल हैं। इनके अलावा योगेश डाबर (जवा), निशांत नागवंशी (सूती), पुष्पराज सिंह (कोराव अमिलिया), नम्रता साहू (हर्दिकला), प्रशांत त्रिपाठी (मरैला), अजय पटेल (भटिगवां) और योगिता सिंह (बबैया) को भी निलंबित किया गया है।
जनहित की योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि जनहित से जुड़ी सरकारी योजनाओं में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने स्वामित्व योजना के काम को तय समयसीमा में पूरा करने को लेकर सख्त रुख अपनाया है।




















