PU Special : पुराने कपड़ों में गरबे का रंग, युवाओं ने खुद तैयार किए ‘फेस्टिवल फैशन’ आउटफिट

भोपाल में गरबा नाइट से पहले युवाओं में कस्टमाइज्ड आउटफिट का ट्रेंड बढ़ रहा है। सामान्य शर्ट और डेनिम जैकेट को कच्छी कढ़ाई, मिरर वर्क, मोती, लेस, रंगीन धागों और धार्मिक प्रतीकों से सजाकर पारंपरिक और मॉडर्न लुक दिया जा रहा है। युवा तैयार कपड़ों के बजाय अपनी पसंद के अनुसार ‘अपना टच’ दे रहे हैं।
 पुराने कपड़ों में गरबे का रंग, युवाओं ने खुद तैयार किए ‘फेस्टिवल फैशन’ आउटफिट
भोपाल। गरबे के लिए युवाओं ने पुराने कपड़ों से खुद तैयार की आकर्षक ड्रेस।

देवेन्द्र शाक्य, भोपाल। गरबा नाइट की तैयारियां शुरू होते ही युवाओं में पारंपरिक अंदाज के साथ कुछ नया पहनने का क्रेज भी बढ़ गया है। शहर में कई युवा बाजार से तैयार कपड़े खरीदने के बजाय अपनी सामान्य शर्ट और डेनिम जैकेट को हाथ से सजाकर खास गरबा आउटफिट तैयार कर रहे हैं। इन कपड़ों में कच्छी कढ़ाई, मिरर वर्क, रंगीन धागे, मोती, लेस और धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल किया गया है। इससे पुराने या सामान्य कपड़ों को नया फेस्टिव लुक मिल रहा है।

डेनिम जैकेट पर लोक कला का रंग

एक डेनिम जैकेट के पीछे हाथ से तैयार लोक-चरित्र बनाया गया है। चेहरे पर मूंछ, दाढ़ी और पारंपरिक पगड़ी को रंग-बिरंगे धागों, मोतियों और सजावटी सामग्री से उभारा गया है। गर्दन के आसपास सिल्वर वर्क और नीचे लटकती रंगीन डोरियां लगाई गई हैं। कंधों पर लाल रंग की पारंपरिक कढ़ाई वाली पट्टियां जैकेट को गरबा के रंग में ढालती हैं।

कच्छी कढ़ाई और मिरर वर्क बनी पहली पसंद

गरबा आउटफिट में कच्छी कढ़ाई और मिरर वर्क युवाओं की पहली पसंद बन रहे हैं। डेनिम जैकेट की जेबों और निचले हिस्से पर लाल, हरे, नीले और नारंगी रंग की कढ़ाई की गई है। छोटे-छोटे शीशे और फूलों के पैटर्न इसे पारंपरिक गरबा लुक देते हैं। कंधों पर रंगीन धागों की लटकन और सजावटी पैच भी लगाए गए हैं।

ये भी पढ़ें: Garba Advisory: भोपाल में गरबा से पहले मुस्लिम त्योहार कमेटी की मुस्लिम युवाओं से अपील- ‘लाइक्स और व्यूज के लिए गरबा में न जाएं’

शर्ट पर ओम, स्वस्तिक और श्री नाथजी

सफेद शर्ट को गरबा और धार्मिक थीम को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके सामने लाल रंग से ओम, स्वस्तिक और श्रीनाथजी नाम की सजावट की गई है। एक हिस्से पर गोल्डन लेस और स्टोन वर्क से बॉर्डर बनाया गया है। बीच में नीले कपड़े पर सुनहरे वर्क से ‘श्री’ लिखा गया है। इसके नीचे मोतियों और रंगीन स्टोन से भगवान कृष्ण की आकृति सजाई गई है। लाल और सुनहरे रंग का संयोजन शर्ट को गरबा नाइट के लिए आकर्षक पारंपरिक लुक देता है।

/img/717/1791479085755

पीठ पर पौराणिक प्रसंग, बढ़ा गरबा लुक

एक शर्ट की पीठ पर बड़े आकार में रंगीन पेंटिंग और एप्लीक वर्क किया गया है। इसमें पौराणिक प्रसंग को कलात्मक तरीके से उकेरा गया है। लाल, नीले और सुनहरे रंगों के साथ गोल्डन लेस का इस्तेमाल किया गया है। यह डिजाइन गरबा के पारंपरिक माहौल के साथ युवाओं के मॉडर्न फैशन को जोड़ता है।

ये भी पढ़ें: गरबा पंडाल में जाना है तो तिलक लगाएं, मूर्ति पूजा करें,वक्फ बोर्ड अध्यक्ष के बयान से छिड़ी नई बहस

गरबा में ‘अपना टच’ देने का ट्रेंड

इन आउटफिट की खासियत यह है कि युवा तैयार डिजाइन के बजाय अपनी पसंद और कल्पना के अनुसार कपड़े तैयार कर रहे हैं। सामान्य डेनिम और कॉटन शर्ट पर कढ़ाई, मिरर, मोती, लेस, रंगीन धागे और हाथ से बनाए चित्रों का इस्तेमाल किया जा रहा है। गरबा नाइट में अब पारंपरिक चनिया-चोली और कुर्तों के साथ ऐसे कस्टमाइज्ड जैकेट और शर्ट भी युवाओं के फैशन का हिस्सा बन रहे हैं। इस बारे में डिजाइनर शिवानी कैलाशिया ने बताया  कि सोशल मीडिया से मुझे यह आइडिया मिला। गरबा नाइट के लिए मैंने अपने भाई के लिए कुछ नया ट्राय करने का सोचा। शर्ट और जैकेट का लुक तैयार करने के बाद जब उसे भाई को दिखाया तो उसे यह काफी पसंद आया। इससे मेरा उत्साह और बढ़ गया।

Devendra shakya
By Devendra shakya

Latest Posts