Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘मॉर्डन युग के थॉमस एडिसन’ हैं एलन मस्क, ट्रंप ने मेडल से किया सम्मानित

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क को नेशनल मेडल ऑफ साइंस से सम्मानित किया और उन्हें आधुनिक युग का थॉमस एडिसन बताया। इस समारोह में गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन, एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग समेत छह टेक लीडर्स को सम्मान मिला। जानिए किसे कौन-सा मेडल दिया गया और AI व टेक्नोलॉजी को लेकर ट्रंप ने क्या कहा।
‘मॉर्डन युग के थॉमस एडिसन’ हैं एलन मस्क, ट्रंप ने मेडल से किया सम्मानित
एलन मस्क से सत्या नडेला तक, ट्रंप ने 6 टेक लीडर्स को किया सम्मानित

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क समेत दुनिया की टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री के छह बड़े नामों को सम्मानित किया है। 8 अक्टूबर को वॉशिंगटन डीसी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने मस्क को विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए ‘नेशनल मेडल ऑफ साइंस’ दिया। इस मौके पर उन्होंने मस्क की जमकर तारीफ की और उन्हें आधुनिक युग का थॉमस एडिसन बताया। ट्रंप ने मस्क को प्रतिभाशाली, दिग्गज और अमेरिका की राष्ट्रीय धरोहर भी कहा।

एलन मस्क की तारीफ में क्या बोले ट्रंप?

वॉशिंगटन डीसी में आयोजित ‘साइंस: अ न्यू गोल्डन एज समिट’ में ट्रंप ने एलन मस्क को मेडल देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मस्क जैसे लोगों का योगदान अमेरिका को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ाने में अहम है।

ट्रंप ने मस्क को एक महान व्यक्ति बताते हुए कहा कि उनके जैसा कोई दूसरा नहीं है। ट्रंप ने मस्क की तुलना अमेरिकी आविष्कारक थॉमस एडिसन से भी की। एडिसन को बिजली के बल्ब और कई अन्य आविष्कारों से जुड़े काम के लिए जाना जाता है। ट्रंप ने कहा कि मस्क ने अंतरिक्ष, सैटेलाइट कम्युनिकेशन और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मस्क की कंपनी स्पेसएक्स अंतरिक्ष से जुड़ी तकनीक पर काम करती है, जबकि स्टारलिंक सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराती है। ट्रंप ने इन क्षेत्रों में मस्क के काम की तारीफ की।

ये भी पढ़ें: कनाडाई लेखिका ऐन कार्सन को मिला 2026 का साहित्य नोबेल, ग्रीक-रोमन साहित्य और परंपराओं को नए तरीके से किया पेश

इन छह टेक लीडर्स को मिला सम्मान

इस कार्यक्रम में केवल एलन मस्क ही नहीं, बल्कि पांच अन्य प्रमुख टेक्नोलॉजी लीडर्स को भी सम्मानित किया गया। इनमें गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन, एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग और एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेस (AMD) की CEO लिसा सु शामिल हैं। इन चारों को ‘नेशनल मेडल ऑफ साइंस’ दिया गया। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्या नडेला और डेल टेक्नोलॉजीज के CEO माइकल डेल को ‘नेशनल मेडल ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन’ से सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार विज्ञान, तकनीक और इनोवेशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिए जाते हैं।

AI और टेक्नोलॉजी पर रहा खास फोकस

यह पुरस्कार समारोह ‘साइंस: अ न्यू गोल्डन एज समिट’ का हिस्सा था। कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर और अंतरिक्ष तकनीक जैसे क्षेत्रों में हो रही प्रगति पर जोर दिया गया। ट्रंप कई बार कह चुके हैं कि अमेरिका को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विकास में अपनी बढ़त बनाए रखनी चाहिए। उनका कहना है कि तकनीक से जुड़े ऐसे नियम नहीं होने चाहिए, जो नए आविष्कारों और विकास की रफ्तार को धीमा कर दें। इस कार्यक्रम में ट्रंप ने सम्मान पाने वाले छह लोगों को अमेरिका की राष्ट्रीय धरोहर बताते हुए कहा कि उनका काम देश के भविष्य को आगे बढ़ाने में मदद कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि विज्ञान और तकनीक की दुनिया के लिए यह एक महत्वपूर्ण दिन है और इन लोगों का योगदान इतिहास में दर्ज होगा। इस समारोह के जरिए अमेरिकी प्रशासन ने विज्ञान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में देश की भूमिका को मजबूत करने पर जोर दिया। एलन मस्क समेत छह टेक लीडर्स को मिला यह सम्मान अमेरिका में तकनीकी विकास को बढ़ावा देने की कोशिशों का अहम हिस्सा रहा।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts