सीधी: 21 अक्टूबर से दौड़ेगी मेमू ट्रेन, रीवा से चुरहट तक रेल कनेक्टिविटी से यात्रियों को मिलेगी राहत

सीधी। मौके पर मौजूद रेलवे के एक वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी ने बताया कि, ट्रायल पूरी तरह सफल रहा। ट्रैक की क्षमता, सिग्नलिंग और गति संतुलन की जांच की जा रही है। हमारी पूरी तैयारी 21 अक्टूबर से सीधी और पन्ना के बीच नियमित पैसेंजर सेवा शुरू करने की है। यह ट्रेन सिलपरा, गोविंदगढ़, बघवार से होते हुए देवेंद्रनगर तक सीधे कनेक्टिविटी देगी।
समय और पैसों की होग बचत
रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े स्थानीय छात्र अंकित तिवारी ने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा कि, हमें उच्च शिक्षा और कोचिंग के लिए रोजाना रीवा जाना पड़ता है। बसों में भारी किराया और घंटों का समय बर्बाद होता है। मेमू ट्रेन शुरू होने से हमारा समय और पैसा दोनों बचेंगे।
कारोबार के लिए नई लाइफलाइन
वहीं रामपुर नैकिन के व्यापारी रमेश गुप्ता ने बताया कि, सीधी जिले का यह इलाका वर्षों से रेल सुविधा से कटा था। व्यापार और सामान लाने-ले जाने के लिए सतना-रीवा पर निर्भरता है। अब यह ट्रेन हमारे कारोबार के लिए नई लाइफलाइन साबित होगी।
मरीजों के लिए सुविधाजनक
इलाके के बुजुर्ग रामकृपाल बताते हैं कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को रीवा मेडिकल कॉलेज ले जाना अब बेहद आसान हो जाएगा। चारों तरफ उत्साह का माहौल है और लोग अब 21 तारीख को नियमित ट्रेन के हरी झंडी दिखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।




















