'FIR ठोक दूंगा', कोरेक्स आरोपी के समर्थन में थाने पहुंचे बीजेपी नेता; टीआई से हुई बहस

रीवा। पुलिस ने एक आइसक्रीम ठेले से 12 सीसी कोरेक्स सिरप बरामद कर पुनीत साहू उर्फ पंकज को हिरासत में लिया है। भाजपा नेता बंसीलाल साहू का कहना है कि पुनीत निर्दोष है और वे उसकी ओर से निष्पक्ष जांच की मांग करने थाने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि पुलिस ने आवेदन नहीं लिया और उनके साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की गई। वहीं, TI विजय सिंह का कहना है कि थाने के गेट पर बैठकर सरकारी काम में बाधा डालना उचित नहीं है और कार्रवाई नियमों के अनुसार की जाएगी।
भाजपा नेता और टीआई के बीच हुई बहस
रीवा के सिविल लाइन थाने में नशीली कफ सिरप के मामले को लेकर भाजपा नेता बंसीलाल साहू अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। वे पुलिस द्वारा पकड़े गए पुनीत साहू उर्फ पंकज के समर्थन में थाने गए थे। भाजपा नेता का कहना है कि पुनीत को मामले में गलत तरीके से हिरासत में लिया गया है और वह निर्दोष है। वे पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर आवेदन देना चाहते थे। बताया जा रहा है कि थाने में सुनवाई नहीं होने पर बंसीलाल साहू मुख्य गेट के बाहर बैठ गए और विरोध करने लगे।
'नौटंकी मत करो, वरना FIR कर दूंगा'
भाजपा नेता के थाने के गेट पर बैठने के बाद थाना प्रभारी विजय सिंह मौके पर पहुंचे और उन्हें वहां से उठाने का प्रयास किया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें TI भाजपा नेता को उठाते और उनका हाथ पकड़ते नजर आ रहे हैं। वीडियो में थाना प्रभारी यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि नौटंकी मत करो, वरना FIR कर दूंगा। इसी दौरान दोनों के बीच बहस बढ़ गई। TI ने कहा कि थाने में भीड़ के दबाव में काम नहीं होगा और नियम तोड़ने पर कार्रवाई की जाएगी। भाजपा नेता ने पुलिस के इस रवैये पर आपत्ति जताई और उनके साथ बदतमीजी किए जाने का आरोप लगाया।
.
बंसीलाल साहू ने बदतमीजी का लगाया आरोप
बंसीलाल साहू का आरोप है कि वह आरोपी के पक्ष में आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करने थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनके साथ सही व्यवहार नहीं किया। उनका कहना है कि पुलिस ने उनका आवेदन तक नहीं लिया, जिसके बाद उन्हें थाने के मुख्य गेट पर बैठकर विरोध करना पड़ा। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने उनके साथ बदसलूकी की और गाली-गलौज करते हुए अपमानित किया। उन्होंने पुलिस के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वह केवल मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि किसी आरोपी के पक्ष में अपनी बात रखना गलत नहीं है और पुलिस को उनकी शिकायत सुननी चाहिए थी।
ये भी पढ़ें: हिमाचल बोर्ड का बड़ा फैसला, अब 9वीं और 11वीं में ही होगा छात्रों का पंजीकरण
आरोपी से 12 सीसी कोरेक्स सिरप बरामद हुई थी!
थाना प्रभारी विजय सिंह ने कहा कि पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई की थी और मौके से 12 सीसी कोरेक्स सिरप बरामद की गई थी। इस मामले में पुलिस ने पुनीत साहू उर्फ पंकज को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है। TI के मुताबिक, भाजपा नेता को अगर कार्रवाई को लेकर कोई शिकायत या आपत्ति थी तो वे बातचीत या तय प्रक्रिया के तहत अपनी बात रख सकते थे। उन्होंने कहा कि आश्वासन दिए जाने के बावजूद थाने के मुख्य गेट पर बैठना और सरकारी काम में बाधा डालना उचित नहीं है।





















