संपत्ति विवाद में कत्लेआम?जांजगीर में एक ही परिवार के 4 लोगों की कुल्हाड़ी से हत्या, पुरानी रंजिश से जुड़ रहे तार

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के भंवतरा गांव में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर एक ही परिवार के 4 लोगों की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। मृतकों में 70 वर्षीय मेदनी प्रसाद कश्यप, उनकी पत्नी कांति बाई (65), नातिन मोगरा (25) और नाती पीतांबर (17) शामिल हैं। चारों के शव निर्माणाधीन मकान में खाट पर खून से लथपथ हालत में मिले।
सुबह मिस्त्री पहुंचा तो खुला हत्याकांड का राज
घटना का पता गुरुवार सुबह तब चला, जब मकान में काम करने वाला मिस्त्री वहां पहुंचा। उसने खाट पर शव पड़े देखे और तुरंत गांव के सरपंच को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

निर्माणाधीन मकान में सो रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, परिवार नए मकान का निर्माण करा रहा था। बुधवार रात चारों लोग उसी निर्माणाधीन मकान में सोए हुए थे। देर रात हमलावरों ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
संपत्ति विवाद में हत्या की आशंका
मामले की जांच के लिए प्रभारी एसपी निवेदिता पाल, एडिशनल एसपी उमेश कश्यप और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पुलिस संपत्ति विवाद को हत्या की बड़ी वजह मान रही है। संदेह के आधार पर मेदनी प्रसाद के बेटे और पोते को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि वारदात में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं।

17 साल पहले भी हुई थी परिवार में हत्या
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक परिवार के एक बेटे की करीब 16-17 साल पहले भी हत्या हुई थी। अब पुलिस पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद और जमीन विवाद समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

विधायक भी पहुंचे गांव
घटना की जानकारी मिलने के बाद पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश भी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार के लोगों से मुलाकात की। गांव में इस घटना के बाद दहशत और मातम का माहौल है।











