Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी ताकत :370 नई एम्बुलेंस को CM विष्णुदेव साय ने दिखाई हरी झंडी

छत्तीसगढ़ में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 370 नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाई। इनमें BLS, ALS और पहली बार 5 नियोनेटल एम्बुलेंस शामिल हैं, जिससे शहर में 15 मिनट और गांव में 30 मिनट के भीतर 108 सेवा उपलब्ध होगी।
370 नई एम्बुलेंस को CM विष्णुदेव साय ने दिखाई हरी झंडी
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के सभी जिलों के लिए रवाना किया। इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा प्रदेशभर में तुरंत प्रभाव से शुरू हो गई है, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तेज और बेहतर इलाज मिल सकेगा।

    पहली बार शुरू हुई नियोनेटल एम्बुलेंस सेवा

    इस पहल के तहत पहली बार प्रदेश में 5 नियोनेटल ALS एम्बुलेंस की शुरुआत की गई है। ये एम्बुलेंस खासतौर पर नवजात शिशुओं की आपातकालीन देखभाल के लिए तैयार की गई हैं। गंभीर हालत में जन्मे बच्चों को सुरक्षित तरीके से बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने में ये एम्बुलेंस अहम भूमिका निभाएंगी।

    सरकारी अस्पतालों पर जनता का बढ़ा भरोसा

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में सरकारी अस्पतालों पर लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। उप-स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण और उन्नयन से अब लोगों को छोटे इलाज के लिए शहर नहीं जाना पड़ता। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा मरीजों तक पहुंच जाए। इससे जरूरतमंदों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।

    ये भी पढ़ें: ब्रह्मांड की खिड़की से फिर दिखेगी नीली धरती : 54 साल बाद इतिहास रचेगा NASA, 1 अप्रैल को लॉन्च होगा Artemis II

    नियोनेटल एम्बुलेंस शुरू करने वाला देश का दूसरा राज्य

    स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह दिन राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ देश का दूसरा राज्य बन गया है जहां नियोनेटल एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस सेवा में किसी भी तरह की देरी या कमी की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष मॉनिटरिंग सिस्टम भी बनाया गया है।

    नियोनेटल एम्बुलेंस में अत्याधुनिक सुविधाएं

    नियोनेटल एम्बुलेंस को आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है। इनमें प्रशिक्षित नवजात इमरजेंसी तकनीशियन, 24 घंटे ईएमटी और पायलट की सुविधा के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों का ऑनलाइन मार्गदर्शन भी मिलेगा। इन एम्बुलेंसों में इन्क्यूबेटर, वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, सिरिंज पंप, नेब्युलाइजर, सक्शन मशीन, पर्याप्त ऑक्सीजन सपोर्ट और 41 प्रकार की जरूरी दवाएं उपलब्ध हैं।

    ये भी पढ़ें: कोचिंग में घुसकर छात्रा से छेड़छाड़: हाथ पकड़कर बाहर ले गया आरोपी, नहीं मानी तो जान से मारने की धमकी

    बीएलएस और एएलएस एम्बुलेंस में भी आधुनिक उपकरण

    नई बीएलएस और एएलएस एम्बुलेंस में बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ईसीजी मॉनिटर और ग्लूकोमीटर जैसी जांच सुविधाएं मौजूद हैं। साथ ही ऑक्सीजन सपोर्ट, नेब्युलाइजेशन और अन्य आपातकालीन इलाज की व्यवस्था भी दी गई है। गंभीर मरीजों को सुरक्षित अस्पताल तक पहुंचाने के लिए पोर्टेबल वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर मॉनिटर, सिरिंज पंप और अन्य जरूरी उपकरण भी लगाए गए हैं।

    Shivani Gupta
    By Shivani Gupta

    शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

    Latest Posts