Raipur: छत्तीसगढ़ में तिरंगा यात्रा का आगाज, CM साय ने दिखाई हरी झंडी,दीपक बैज का BJP पर तीखा हमला

रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत हो गई है। राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर अभियान का आगाज किया। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हालांकि, देशभक्ति के इस अभियान को लेकर अब सियासत भी गरमा गई है।
रायपुर से शुरू हुआ तिरंगा अभियान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा को रवाना किया। इस दौरान राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों से माहौल देशभक्तिमय नजर आया। अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों और राष्ट्र निर्माताओं के योगदान को याद करना तथा राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।

ये भी पढ़ें: Raipur: कारीगर बनकर 60 ग्राम सोना चोरी, 7.80 लाख के माल पर किया हाथ साफ, जोधपुर से आरोपी गिरफ्तार
15 अगस्त तक गांव-गांव पहुंचेगा तिरंगा
हर घर तिरंगा अभियान 15 अगस्त तक प्रदेशभर में चलेगा। जिले, मंडल, पंचायत और बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्रों और प्रमुख शहरों में युवा, महिलाएं तथा समाज के विभिन्न वर्ग तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे।
शहीदों के परिजनों और पूर्व सैनिकों का सम्मान
अभियान के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों, शहीदों के परिजनों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर उनका माल्यार्पण भी किया जाएगा। सरकार के मुताबिक अभियान का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति के साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है।

तिरंगा यात्रा पर सियासत तेज
एक तरफ सरकार देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ अभियान चला रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस ने इसे लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने तिरंगा यात्रा को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला।
BJP अपने पाप धोने निकाल रही तिरंगा यात्रा
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि बीजेपी तिरंगे के तीनों रंगों को अशुभ मानती थी और आजादी की लड़ाई के दौरान उसकी भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने RSS कार्यालयों में तिरंगा फहराने को लेकर भी टिप्पणी की। बैज ने कहा कि बीजेपी को पहले अपना इतिहास याद करना चाहिए और आरोप लगाया कि पार्टी अपने 'पाप धोने' के लिए तिरंगा यात्रा निकाल रही है।

ये भी पढ़ें: Durg Bhilai: भिलाई में वेलनेस स्पा की आड़ में देह व्यापार का खुलासा, मैनेजर-महिला दलाल समेत 9 गिरफ्तार
देशभक्ति के बीच सियासी वार-पलटवार
हर घर तिरंगा अभियान के जरिए सरकार जहां राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश देने में जुटी है, वहीं कांग्रेस के हमले के बाद इस अभियान पर राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि 15 अगस्त तक चलने वाला यह अभियान प्रदेश में देशभक्ति के संदेश के साथ-साथ सियासी चर्चा का कितना बड़ा मुद्दा बनता है।












